
जयपुर। लोकसभा चुनाव के तहत सियासी दलों के स्टार प्रचारकों ने राजस्थान में पिछले दिनों में कई सभाएं, रोड शो, बैठकें आदि किए हैं। इनमें एक-दूसरे पर जमकर जुबानी तीर चलाए। जनता ने सभी को ध्यान से सुना।
अब जनता की बारी है। 29 अप्रैल को जनता मतदान बूथों पर उमड़ेगी और बयानवीरों का भविष्य तय करेगी। बयानवीर भले ही एक-दूसरे को सही बता रहे हैं लेकिन बटन दबाकर जनता तय करेगी, कौन सही और कौन गलत।
इज्जत बचाने गली-गली घूम रहे हैं सीएम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान में कई सभाएं कर चुके हैं। तेवर और अन्दाज वही है, जो पिछले चुनावों में रहा है। पिछले पांच में देश को मजबूत बनाने के दावे के साथ उन्होंने राहुल गांधी, अशोक गहलोत और कांग्रेस पर हमले भी जमकर किए।
बड़ा वादा: सरकार बनते ही अलग से जल शक्ति मंत्रालय बनाएंगे। समुद्र का पानी मीठा कर सूखाग्रस्त क्षेत्र में पहुंचाएंगे। मोदी खुद पर वार झेल लेगा, अपना राजनीतिक अस्तित्व भी दांव पर लगा देगा लेकिन देश को झुकने नहीं देगा। मोदी हर दिन पल-पल और पाई-पाई का हिसाब देता है और लेता भी है।
मुख्यमंत्री इज्जत बचाने के लिए गली-गली घूम रहे हैं। यहां के सीएम दिल्ली के ज्यादा चक्कर लगाते हैं, खासमखास हैं। - नरेन्द्र मोदी (22 अप्रैल को जोधपुर में)
चार जिले, चार सभाएं, 2 दिन, जिले कवर किए— चितौडगढ़, बाड़मेर, उदयपुर, जोधपुर
अनिल अम्बानी चोर है और चौकीदार...
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान में अपनी ज्यादातर सभाओं में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमलावर रुख अपनाए हुए रहे। ‘चौकीदार चोर है’ का नारा तो लगवाया ही, साफ बोले... अनिल अम्बानी चोर है।
बड़ा वादा: कोटा में नया हवाई अड्डा बनाएंगे। कर्ज नहीं चुकाने के मामले में कोई भी किसान जेल नहीं जाएगा।
(25 अप्रैल को कोटा में कहा)
मोदी सरकार ने गरीबों के खाते खुलवाए हैं और अब हम उन खातों में पैसे डलवाएंगे। यही होगा गरीबों के साथ न्याय।
- राहुल गांधी (23 अप्रैल को बेणेश्वर में)
4 जिले, चार सभाएं, 2 दिन, जिले कवर किए— कोटा, डूंगरपुर, जालौर, अजमेर
सत्ता में रहें न रहें, कश्मीर को भारत से अलग नहीं होने देंगे
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान के लगातार दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं, नए वादे किए। साथ ही राहुल गांधी और कांग्रेस पर लगातार हमले किए।
बड़ा वादा: 2 करोड़ लोगों को घर, 8 करोड़ को शौचालय, गंभीर रोगियों को ५ लाख तक का इलाज उपलब्ध कराया। पुन: मोदी सरकार बनने पर किसानों को देय लोन पर ब्याज नहीं लिया जाएगा।
हम सत्ता में रहें न रहें, भाजपा कार्यकर्ताओं के शरीर में प्राण है तब तक कश्मीर को भारत से अलग नहीं होने देंगे।
अमित शाह (27 अप्रैल को जालोर में)
2 जिले, 2 सभाएं, एक दिन, जिले कवर किए— जालौर, जोधपुर
मोदी के बेटा नहीं है, पिता की भूमिका वह कैसे समझ पाएंगे
मुंख्यमंत्री अशोक गहलोत इतने आक्रामक कभी नहीं रहे, जितने इस बार लोकसभा चुनाव में दिख रहे हैं। खासकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संबंध में। उन्होंने एक सभा के कहा, झूठ बोलना मेरे लिए महापाप है और मोदी जीे के लिए सच बोलना।
बड़ा वादा: सरकार ने पानी के बिल समाप्त कर दिए हैं। अब किसी के यहां भी पानी के बिल नहीं आएंगे। पांच साल तक बिजली के दरें भी नहीं बढ़ेंगी।
(8 अप्रेल को चित्तौडग़ढ़ में कहा)
पीएम मोदी के तो कोई बेटा नहीं है। वह कैसे समझेंगे कि बेटे के लिए पिता नहीं घूमेगा तो कौन घूमेगा?
अशोक गहलोत (जोधपुर में प्रेसवार्ता में)
जिले कवर किए, प्रदेश के लगभग हर जिले में, 25 जिले, 77 सभाएं, 48 दिन
भ्रष्टाचार को खत्म नहीं कर सकती कांग्रेस
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सभाओं-दौरों में अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं, वहीं कांग्रेस पर हमले भी बोले। राहुल गांधी के साथ अशोक गहलोत और सचिन पायलट उनके निशाने पर रहे। राज्य की गहलोत सरकार पर कल्याणकारी योजनाएं बन्द करने का आरोप लगाया।
बड़ा वादा: कांग्रेस जब भी सत्ता में आती है, खजाना खाली होने का राग अलापती है। जबकि भ्रष्टाचार में डूबी रहती है। देश से भ्रष्टाचार को हटाने का काम केवल भाजपा की सरकार ही कर सकती है।
कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी रही। टूजी, स्प्रेक्ट्रम, कोयला घोटाला करने वाली कांग्रेस भ्रष्टाचार खत्म नहीं कर सकती।
वसुंधरा राजे (6 अप्रैल को अजमेर मे΄)
14 जिले, 32 सभाएं, 14 दिन, जिले कवर किए— झालावाड़, अजमेर, पाली, टोंक, करौली, अलवर, सीकर, चूरू आदि
भाजपा कार्यकर्ता कर रहे हैं पुलिस का काम
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट प्रदेश में दौरे पर हैं। निशाने पर केंंद्र सरकार सहित पिछली वसुंधरा सरकार को लेते रहे हैं। आरोप लगाते रहे हैं कि भाजपा ने भावनाएं भडक़ाकर लोगों को लड़ाने का काम किया है।
बड़ा वादा: कांग्रेस ने जो वादे किए, वे 2 माह में पूरे किए। किसानों का कर्ज १० दिन में माफ करने का वादा किया, उसे तत्काल पूरा कर दिखाया। राज्य में ठप पड़े विकास को कांग्रेस की सरकार आते ही गति मिली है।
गौहत्या कानून की पालना का काम पुलिस का है लेकिन प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ताओं को यह काम सौंप दिया गया है।
सचिन पायलट (चित्तौड़ के बड़ीसादड़ी में)
25 जिले, 72 सभाएं, 40 दिन
जिले कवर किए— लगभग प्रदेश के हर जिले में, राज्य के बाहर भी 12 सभाएं
कांग्रेस जीते तो ईवीएम अच्छी नहीं तो खराब
केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर लम्बे समय से प्रदेश में सक्रिय हैं। पार्टी की बैठकों के साथ जनता के बीच दौरे-सभाएं करते रहे हैं। इसमें उन्होंने कांग्रेस और राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया।
बड़ा वादा: अब तक के मतदान के बाद भाजपा एवं राजग ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ गए हैं। राजस्थान की सभी सीटों पर भाजपा जीतेगी। भाजपा मजबूत सरकार, देश की सुरक्षा और उन्नति पर काम कर रही है।
जब विपक्ष जीतता है तो ईवीएम अच्छी होती है। जब वे हार रहे होते हैं, ईवीएम खराब हो जाती हैं। यह विपक्ष की हताशा है।
प्रकाश जावड़ेकर (बांसवाड़ा के परतापुर में)
13 जिले, 15 सभाएं, 15 दिन, जिले कवर किए- जयपुर, जोधपुर, राजसमंद, बाड़मेर, बूंदी, कोटा आदि
कैसे चौकीदार, देश में मच रहा हाहाकार
भाजपा छोडक़र कांग्रेस के स्टार प्रचारक बने नवजोत सिंह सिद्धू की कांग्रेस में राजस्थान में डिमांड रही है। अपने दौरों में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखे हमले किए। शेर-शायरी के अन्दाज में भाजपा पर हमलेे किए।
बड़ा वादा: मैं वचन देता हूं... कांग्रेस की सरकार बनने पर देश के हर गरीब नागरिक को ६ हजार रुपए प्रतिमाह के हिसाब से साल के 72 हजार रुपए मिलेंगे।
तीन मोदी तो भाग गए और चौथा झूठ बोल रहा है। अब चुनाव में पीएम मोदी को सत्ता से निकाल बाहर करने का समय आ गया है।
नवजोत सिंह सिद्धू (बांसवाड़ा के परतापुर में)
2 जिले, 2 सभाएं, एक दिन, जिले कवर किए— झालावाड़, बारां
बयानों के ये तीर भी चर्चा में
पिछले 5 साल में देश का कर्ज 50 फीसदी बढ़ा दिया। इस पैसे को फालतू पब्लिसिटी पर खर्च किया गया। सरकार लोगों की निंदा करने, झूठे न्यायिक मामलों में फंसाने में लगी रही। मीडिया का भी एक वर्ग पक्ष पात कर राहुल की खराब छवि बनाने में लगा है।
(27 अप्रैल, जयपुर में)
सैम पित्रोदा अध्यक्ष, इण्डियन ओवरसीज कांग्रेस
- पाकिस्तान भी सर्जिकल स्ट्राइक करता रहता जैसी बात सुन ऐसा लगता है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पाकिस्तान के प्रवक्ता की तरह बात कर रहे है। मुख्यमंत्री पाकिस्तान की सर्जिकल स्ट्राइक की चर्चा करने की बजाय अपनी सरकार के साढ़े तीन माह के कार्यकाल पर बात करते तो अच्छा लगता।
(चित्तौडग़ढ़ में प्रेसवार्ता)
राजेन्द्र राठौड़, उपनेता प्रतिपक्ष
- जो बीवी का नहीं हो सकता, वह आपका क्या होगा? जिसकी बीवी खुद के साथ नहीं रहती, वह मुस्लिम महिलाओं के तीन तलाक की बात करते हैं।
(14 अप्रैल, पाली में )
रेहाना रियाज, जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस
- झूठ बोलने के लिए मोदी अन्तरराष्ट्रीय एकेडमी बनाएं, शाह उसके डायरेक्टर बनें।
(24 अप्रेल, जोधपुर में)
आंनन्द शर्मा,पूर्व केन्द्रीय मंत्री
-पीएम मोदी हींस (करील) की झांड़ी है। यह जिस पेड़ पर लगती है, उसे सूखा देती है। हींस का कांटा भी मांस खींच लेता है और ये किसी को भी नहीं छोड़ता है। हींस से बचते हुए कांग्रेस को वोट दें। मोदी से बचो तभी देश सुरक्षित होगा ।
(भरतपुर कार्यक्रम में)
विश्वेन्द्र सिंह, केबिनेट मंत्री, राजस्थान
ये भी पहुंचे : सियासी दलों के स्टार प्रचारकों के साथ राज्य के नेता भी जुटे रहे। भाजपा से सन्नी देओल, हेमामालिनी, मदनलाल सैनी, वीके सिंह, राज्यमंत्री सतपाल सिंह, केन्द्रीय मंत्री थावरचन्द गहलोत, सुधांशु त्रिवेदी, अविनाश राय खन्ना, कांग्रेस से हार्दिक पटेल, अभिनेता गोविन्दा, भूपेन्द्र हुड्डा, स्नेहा हुलाल, अविनाश पांडे, शिवसेना से राखी सावंत प्रचार में उतरे।
Updated on:
28 Apr 2019 01:44 pm
Published on:
28 Apr 2019 01:12 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
