
लोकसभा में उम्मीदवारों के लिए कांग्रेस की तीन घंटे बैठक, एक प्रस्ताव पारित, राहुल करेंगे अंतिम निर्णय
सुनील सिंह सिसोदिया / जयपुर. कांग्रेस में लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन को लेकर बुधवार को हुई प्रदेश चुनाव समिति (पीईसी) की बैठक में तीन घंटे से ज्यादा मंथन हुआ, बाद में अंतिम निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ओर से लिए जाने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। प्रदेशाध्यक्ष व समिति अध्यक्ष सचिन पायलट की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे के अलावा समिति के लगभग सभी सदस्य मौजूद थे।
बैठक में सभी सदस्यों से उम्मीदवार और चुनावी रणनीति को लेकर मंथन हुआ। राज्य की कांग्रेस सरकार के निर्णयों को आमजन तक पहुंचाकर लोकसभा चुनाव में लाभ लेने को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में कुछ नेताओं में आपसी रस्साकसी भी हुई। बैठक में एआइसीसी सचिव एवं प्रदेश सह प्रभारी विवेक बंसल, तरूण कुमार एवं प्रदेश चुनाव समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
मिशन-25 की सफलता के लिए मांगे सुझाव: पांडे
प्रदेश प्रभारी अविनाश पाण्डे ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मिशन 25 को लेकर प्रदेश की सभी सीटों के लिए चुनाव रणनीति और उम्मीदवार चयन को लेकर सुझाव लिए गए। एक माह में राज्य सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों को जमीनी स्तर पर लागू कराए जाने पर राय ली। बैठक में विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा की गई। भाजपा को लेकर कहा कि ये लोग जनता में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। विधायकों को टिकट दिए जाने के सवाल पर कहा कि यह निर्णय पीईसी जमीनी स्तर से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर निर्णय करेगी।
Published on:
06 Feb 2019 10:33 pm
