1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

‘अशोक गहलोत को गिराने में गोविंद सिंह डोटासरा पीछे नहीं, राजस्थान कांग्रेस में चल रही जलेबी रेस’: मदन राठौड़

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में "जलेबी रेस" चल रही है। उन्होंने दावा किया कि डोटासरा, गहलोत और सचिन पायलट के बीच नेतृत्व की होड़ मची है। उन्होंने कहा कि सभी नेता हाईकमान को खुश करने में लगे हैं।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Aug 01, 2026

Madan Rathore and Govind Singh Dotasra

गोविंद सिंह डोटासरा और मदन राठौड़। फोटो: पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर होड़ मची हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में इस समय "जलेबी रेस" चल रही है, जहां हर नेता आगे निकलकर कुर्सी हासिल करने की कोशिश में लगा है।

जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित 'नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव संचालन समिति' की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राठौड़ ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना

मदन राठौड़ ने कहा, "विपक्ष अगर हमारी तारीफ कर देगा तो उसकी दुकान आज ही बंद हो जाएगी, इसलिए वे हमारी आलोचना करते हैं। कांग्रेस में इस समय होड़ मची हुई है कि कौन ज्यादा राजनीतिक माइलेज ले और ऊपर बैठे नेताओं को खुश करे।"

उन्होंने आगे कहा, "आज टीकाराम जूली का कद बढ़ रहा है, यह डोटासरा को पसंद नहीं है। अशोक गहलोत का जो राजनीतिक कद है, उसे गिराने में भी डोटासरा पीछे नहीं हैं। दूसरी तरफ सचिन पायलट इंतजार कर रहे हैं कि कब दोनों के बीच टकराव बढ़े और उन्हें आगे आने का मौका मिले। कांग्रेस में इस समय एक तरह की 'जलेबी रेस' चल रही है, जिसमें हर कोई कुर्सी तक पहले पहुंचना चाहता है।"

विकास कार्यों का किया जिक्र

राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस अपने आंतरिक विवादों में इतनी उलझी हुई है कि उसे राज्य सरकार के विकास कार्य दिखाई ही नहीं दे रहे। उन्होंने कहा, "हमने ईआरसीपी परियोजना को आगे बढ़ाया, जिससे 16 जिलों को पानी मिलेगा। यमुना जल समझौते से शेखावाटी क्षेत्र को लाभ होगा। नर्मदा और पंजाब से अतिरिक्त पानी की मांग भी की गई है। कई बांधों को मजबूत करने का काम हुआ है।"

उन्होंने बिजली क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा, "कांग्रेस सरकार के समय बिजली खरीदनी पड़ती थी और कटौती होती थी। आज राजस्थान बिजली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन चुका है और बिजली बेचने की स्थिति में है।"

ढाई लाख लोगों को रोजगार देने का दावा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ा है और एमओयू धरातल पर उतर रहे हैं। उनके मुताबिक सरकार अब तक करीब ढाई लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध करा चुकी है। उन्होंने रिफाइनरी परियोजना, रोडवेज के सुदृढ़ीकरण और पुलिस संसाधनों में वृद्धि का भी जिक्र किया।

राठौड़ ने कहा, "हमने रोडवेज को घाटे से बाहर निकालने की दिशा में काम किया, नई बसें दीं और पुलिस को आधुनिक वाहन उपलब्ध कराए। पहले अपराधी बच निकलते थे और पुलिस पर हमले होते थे, लेकिन अब अपराध होते ही तत्काल गिरफ्तारी और कार्रवाई होती है।"

पंचायत-निकाय चुनाव पर फोकस

इससे पहले भाजपा प्रदेश कार्यालय में 'नगरीय निकाय एवं पंचायत चुनाव संचालन समिति' की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और वरिष्ठ पदाधिकारियों ने आगामी पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की रणनीति, बूथ प्रबंधन, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। भाजपा ने दावा किया कि संगठन चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जा चुका है।