बाड़मेर के शिव विधायक और जसवंत सिंह जसौल के पुत्र मानवेन्द्र सिंह कल कांग्रेस का हाथ थामेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने आज इसकी औपचारिक घोषणा की। जानकारों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मानवेन्द्र सिंह को बुधवार को दिल्ली स्थित अपने आवास पर बुलाया हैं, जहां उन्हें कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई जाएगी। इस मौके पर कांग्रेस के दिग्विजय सिंह, ज्योतिरादित्य सिंह, जितेन्द्र सिंह, सचिन पायलट और अशोक गहलोत के भी मौजूद रहने की संभावना है। इसके बाद मानवेन्द्र समर्थकों के साथ जोधपुर में बड़ा कार्यक्रम कर सकते हैं। आपको बता दें कि मानवेन्द्र सिंह गत 22 सितम्बर को भाजपा से नाता तोड़ चुके हैं और नवरात्र में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करना चाह रहे थे।