आर्यन शर्मा/जयपुर. फिल्मकार विशाल भारद्वाज की फिल्म 'पटाखा' राजस्थान के कथाकार चरण सिंह पथिक की कहानी पर आधारित है। इसमें भारत-पाकिस्तान की तरह एक दूसरे की कट्टर दुश्मन दो बहनों की कहानी को प्रस्तुत किया है। फिल्म की कहानी राजस्थान के एक गांव की है, जहां शशिभूषण (विजय राज) की बेटियां चंपा/बड़की (राधिका मदान) और गेंदा/छुटकी बचपन से एक दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाती। दोनों हमेशा लड़ती-झगड़ती रहती हैं। लड़ाई भी छोटी-मोटी नहीं बल्कि पूरे युद्ध की तरह होती है। एक दूसरे को कीचड़ में गिराना, गोबर फेंकना, अपशब्द बोलना, थप्पड़-लात मारना, ये सब उनकी लड़ाई में आम बात है। अक्सर इनकी लड़ाई में आग में घी डालने का काम करता है डिपर (सुनील ग्रोवर)। परिस्थितियां ऐसी बनती है कि दोनों की शादी भी एक ही घर में दो सगे भाइयों से हो जाती है, जिससे उनका युद्ध थमने का नाम ही नहीं लेता।