
विजय शर्मा
सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार खत्म करने और पारदर्शिता के लिए अधिकतर कामों को ऑनलाइन मोड पर कर दिया गया है। सरकारी काम ई-मित्रों के जरिए किए जा रहे हैं लेकिन सरकारी बाबुओं ने इसमेें भी कमाई की गली निकाल ली है। अब ई-मित्र केंद्रों से सांठगांठ कर जल्दी काम कराने के एवज में पैसे वसूले जा रहे हैं। जनाधार को अपडेट कराने के लिए ई-मित्रों पर भीड़ लगी रहती है। ऐसे में 500 रुपए से एक हजार रुपए तक लोगों से जल्दी काम कराने के लिए वसूले जा रहे हैं। राजस्थान पत्रिका ने तीन दिन तक शहर के कई ई-मित्र केंद्रों पर जाकर स्टिंग किया। खुलासा हुआ कि ई-मित्र संचालक नगर निगम और कलक्ट्रेट तक के नाम पर लोगों से बेखौफ पैसे वसूल रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि गारंटी से काम के एक हजार रुपए तक लगेंगे और सामान्य प्रक्रिया से काम कराने में महीनों तक पेंडेंसी रहेगी। ई-मित्र केंद्रों से आवेदन किए गए जनाधार के सैकड़ों केस पेंडिंग चल रहे हैं।
नियम: जनाधार कार्ड अपडेट कराने की फीस 50 रुपए है। दो चरणों में पूरी होती है प्रक्रिया। पहली नगर निगम से, दूसरी कलक्ट्रेट से
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकार ने जनाधार कार्ड को जरूरी कर दिया है। ऐसे में स्कॉलरशिप हो या फिर पेंशन या अन्य योजना का लाभ, इसके लिए जनाधार कार्ड लगाना होता है। लेकिन कई लोगों के जनाधार कार्ड अपडेट नहीं होते। इसके कारण योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते। इसके लिए वे जनाधार कार्ड में संशोधन के दस्तावेज देकर उसे अपडेट करवाते हैं। इसकी फीस 50 रुपए ली जाती है। पहली प्रक्रिया नगर निगम कार्यालय से होती है। यहां से अप्रूव होने के बाद कलक्ट्रेट कार्यालय में सेकंड लेवल की प्रक्रिया अपनाई जाती है। कलक्ट्रेट से अप्रूव होने के बाद जनाधार अपडेट हो जाता है।
रिपोर्टर: वृद्ध की पेंशन शुरू कराने के लिए जनाधार कार्ड को अपडेट कराना है
ई-मित्र संचालक: सभी दस्तावेज हैं या अधूरे हैं
रिपोर्टर: दस्तावेज पूरे हैं
ई-मित्र संचालक: गारंटी से काम कराने के लिए 500 रुपए तक लगेंगे
रिपोर्टर: काम कितने दिन में हो जाएगा
ई-मित्र संचालक: नगर निगम और कलक्ट्रेट में दो लेवल होते हैं, 24 घंटे में पूरा करा देंगे।
रिपोर्टर: जनाधार में इनकम और बैंक अकाउंट अपडेट कराना है
ई -मित्र संचालक: काम हो जाएगा, दस्तावेज चाहिए
रिपोर्टर: क्या दस्तावेज देने होंगे
ई-मित्र संचालक: जो भी दस्तावेज हों, हम ही तैयार करा देंगे
रिपोर्टर: और काम ही आप करा देना पूरा
संचालक : 24 घंटे में पूरा काम हो जाएगा, इसके 1300 रुपए लगेंगे
Published on:
17 Dec 2024 08:37 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
