
लोकसभा उपचुनाव में बंद हुए स्कूल अब याद आने लगे है। इसी के तहत अजमेर के मसूदा और केकडी में विद्यालय पुन: प्रारंभ किए जाएंगे और नसीराबाद के केसरपुरा में भी नया स्कूल खोला जाएगा। साथ ही मांगलियावास में स्कूल के लिए जमीन भी मिलेगी। लोकसभा उपचुनाव होने से अजमेर लोकसभा क्षेत्र के लोगों को काफी फायदा मिलेगा। सबसे अधिक लाभ तो विद्यार्थियों को होगा। यहां तीन बंद किए स्कूलों को फिर से सरकार ने खोलने के लिए आदेश जारी किए हैं, इतना ही नहीं एक नया बालिका विद्यालय भी खोला जाएगा।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि सरकार ने पूर्व में एकीकरण के नाम पर जो स्कूल बंद किए थे, उनमें से ऐसे बहुत से स्कूल हैं जिन्हें पुन: खोलना चाहिए। जानकारों की मानें तो अलवर लोकसभा क्षेत्र और मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी उपचुनाव होने से शिक्षा व अन्य क्षेत्रों में राहत मिल सकती है। अजमेर के बाद इसी माह में मुख्यमंत्री की अलवर जिले की भी यात्रा प्रस्तावित है।
इस स्कूल को मिलेगी जमीन -
अजमेर जिले के मांगलियावास में रेलवे स्टेशन के पास प्राथमिक विद्यालय के लिए जमीन आंवटन कराने के सरकार ने आदेश जारी किए हैं। संयुक्त शासन सचिव सुनील कुमार शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा से इस संबंध में 13 अक्टूबर तक नियमानुसार कार्रवाई कर रिपोर्ट मांगी है।
ये स्कूल फिर से खुलेंगे —
मसूदा में फल का बावडिया में एकीकृत किए गए राजकीय प्राथमिक विद्यालय को पुन: चालू कराया जाएगा। केकडी में केकडी व सरवाड पंचायत समिति में एकीकरण के तहत बंद विद्यालयों को पुन: शुरू कराया जाएगा।
यहां खुलेगा नया स्कूल —
नसीराबाद के ग्राम केसरिया में नया विद्यालय खोलने के सरकार ने आदेश जारी किए हैं। साथ ही इनकी पालना रिपोर्ट भी ९ अक्टूबर तक जिला शिक्षा अधिकारी से मांगी है।
चुनाव के कारण हो रहे शुरू -
अजमेर उपचुनाव के कारण पूर्व में बंद किए स्कूलों को पुन: शुरू किया जा रहा है। प्रदेश के अन्य जिला में पूर्व में बंद किए स्कूलों की ऐसी ही स्थिति है। उन स्कूलों को भी खोलना चाहिए।
- विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
Published on:
8 Oct 2017, 10:59 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.