
mahesh joshi
जयपुर.
जलदाय मंत्री और जयपुर शहर के हवामहल विधानसभा से कांग्रेस विधायक महेश जोशी के खिलाफ इस विधान सभा क्षेत्र में आने वाले भाजपा पार्षदों ने उनके वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर जोशी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने कहा है कि विधायक जोशी के इशारे पर हैरिटेज निगम के अफसर नतमस्तक होकर कांग्रेस पार्षदों वाले वार्डों में विकास की धारा मोड़ दी है। जबकि जिन वार्डों में भाजपा के पार्षद हैं उन वार्डों के लोग पानी, सड़क और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं को तरस रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि भाजपा पार्षद तो महीनों से क्षेत्र के किस वार्ड में कितने विकास कार्य हुए और इन पर कितना खर्च हुआ इसकी जानकारी तक से दूर हैं।
हम लगवाते हैं लाइट, विधायक लिखवाते अपना नाम
हवामहल विधान सभा क्षेत्र के भाजपा पार्षदों ने बताया कि हम विधायक महेश जोशी की तानाशाही का शिकार हो रहे हैं। उनका पूरा जोर कांग्रेस पार्षदों के वार्डों के विकास पर हैं। भाजपा पार्षद अगर किसी तरह निगम से स्ट्रीट लाइट या अन्य सुविधाएं क्षेत्र के लोगों के लिए लेकर आते हैं तो उस पर भी विधायक जोशी अपना नाम लिखवा देते हैं। अगर कोई विकास कार्य स्वीकृत हो भी जाता है तो अफसर इसकी सूचना पहले विधायक को देते हैं और उस विकास कार्य को कांग्रेसी पार्षद के क्षेत्र में शिफ्ट कर दिया जाता है।
हमसे मत मांगो हिसाब, नौकरी चली जाएगी
हवामहल विधान सभा क्षेत्र के एक भाजपा पार्षद ने कहा कि तीन महीने पहले इस विधान सभा क्षेत्र के किस वार्ड में किस-किस विकास कार्य पर कितना खर्च हुआ इसकी सूचना निगम की इंजीनियरिंग विंग के अफसरों से मांगी। लेकिन अफसरों ने दो टूक शब्दों में कहा कि ये सूचना हम नहीं दे सकते। अगर ये सूचना देते हैं तो हमारी नौकरी चली जाएगी।
छलका कोरोना लॉकडाउन का दर्द
पार्षदों ने बताया कि 2020 में कोरोना लॉकडाउन के समय राशन वितरण में इस विधान सभा क्षेत्र में जबरदस्त भेदभाव और घपला हुआ। विधायक जोशी और कलेक्ट्री में नियुक्त एक आरएएस अफसर के आदेश पर रातोरात सरकारी राशन को सिर्फ कांग्रेस पार्षदों के वार्डों में ही बंटवा दिया गया। भाजपा पार्षदों के वार्डों में लोग एक थैली राशन के लिए भी तरस गए। राशन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बांटा और उसमें खूब मनमर्जी चली।
निगम का तंत्र किया हाईजैक
विधायक महेश जोशी ने पूरे हैरिटेज निगम के तंत्र को हाईजैक कर रखा है। उनके ही इशारे पर विकास का पूरा पैसा सिर्फ कांग्रेस पार्षदों के वार्ड में जा रहा है। कांग्रेस पार्षदों के वार्डों को छोड अन्य भी वार्डों के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
- विमल अग्रवाल, पार्षद वार्ड 22
विधायक के इशारे पर चल रहा सिस्टमहवामहल विधान सभा क्षेत्र का पूरा सरकारी सिस्टम स्थानीय विधायक महेश जोशी के इशारे पर काम कर रहा है। निगम के अफसर उसी फाइल को पास करते हैं जिस पर जोशी की रिकमंडेशन होती है। मेरे क्षेत्र में सीवर लाइन, नाले के मेंटीनेंस की दो फाइलें लगाईं लेकिन भाजपा पार्षद के क्षेत्र का काम होने के कारण आठ महीने बाद भी पास नहीं की।
शिव कुमार सोनी, वार्ड -17
Updated on:
06 Mar 2022 11:51 pm
Published on:
06 Mar 2022 11:51 pm
