
जयपुर। परकोटा क्षेत्र के बाशिंदों को अब पीने के पानी के लिए रातों की नींद खराब नहीं करनी पड़ेगी। जलदाय विभाग ने जयपुर शहर के चारदीवारी क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ताओं को कल से बड़ी राहत देने वाला है। चारदीवारी क्षेत्र में सुबह 3.30 बजे से होने वाली जलापूर्ति अब कल से सुबह 5 बजे से नए समय के अनुसार प्रारम्भ होगी। जलदाय विभाग द्वारा चारदीवारी क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति की समस्या के समाधान के लिए भूजल विभाग के कैंपस में नए पम्पहाऊस का निर्माण किया है।
पत्रिका ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने परकोटा क्षेत्र में हो रही जलापूर्ति समय को लेकर क्षेत्र के बाशिंदों की पीड़ा को उजागर किया था। तड़के 3 बजे जलापूर्ति समय होने के कारण लोगों को पीने के पानी के इंतजाम के लिए रातभर जागना विवशता बन गया। जिस पर मुख्य अभियंता मुख्यालय मनीष बेनीवाल ने क्षेत्र के संबंधित जलदाय अधिकारियों के साथ मीटिंग कर पेयजल वितरण समय में बदलाव की नई समय सारिणी तैयार की है। अब क्षेत्र के बाशिंदों को पीने के पानी के इंतजाम के लिए रातभर इंतजार नहीं करना होगा।
रामनिवास बाग पंपहाऊस से इन्हे मिलेगा पानी
अतिरिक्त मुख्य अभियंता क्षेत्र जयपुर द्वितीय श्री शुभॉशु दीक्षित ने बताया कि कल से चौकड़ी पुरानी बस्ती, चौकड़ी तोपखाना क्षेत्र में सुबह 5 बजे से 6.56 बजे तक, चौकड़ी तोपखाना हुजरी क्षेत्र में सुबह 7.15 बजे से 8.49 बजे तक, चौकड़ी गंगापोल क्षेत्र में सुबह 9.15 बजे से 10.25 तक एवं चौकडी मोदीखाना क्षेत्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 12.10 बजे तक पेयजल आपूर्ति होगी। चौकडी रामचंद्र क्षेत्र में दोपहर 3 बजे से 3.49 बजे तक, चौकडी घाट क्षेत्र में सांय 4.10 बजे से 5.06 बजे तक, बास बदनपुरा, नरवर पुरी, सूरज कॉलोनी, दीवान कॉलोनी, पंजाबी कॉलोनी क्षेत्र में सांय 5.20 बजे से 6.40 बजे तक, हीदा की मोरी, एचआर कॉलोनी, जियाउद्दीन कॉलोनी, शिकारियों की मोरी, सैयद कॉलोनी, फाजिल शाह कॉलोनी क्षेत्र में सांय 7 बजे से रात्रि 8.15 बजे तक पेयजल की आपूर्ति की जायेगी। उन्होंने बताया कि सिंहद्वार ओएसएचआर में सुबह की सप्लाई अब सुबह 6.30 बजे से 7.30 बजे तक होगी।
अमानीशाह पंप हाऊस से यहां होगी जलापूर्ति
अमानीशाह पम्पहाऊस से होने वाली पेयजल आपूर्ति के समय में भी परिवर्तन किया गया है। अब कल से अमानीशाह पम्पहाऊस से होने वाली पेयजल आपूर्ति के समय में संशोधन किया है। उन्होंने बताया कि चौकडी पुरानी बस्ती, चौकडी तोपखाना क्षेत्र में सुबह 5 बजे से 6.56 बजे तक एवं सीकर हाउस, हाजी कॉलोनी, खेतडी हाउस, माली कॉलोनी, नेहरू नगर, श्रीराम कॉलोनी खातीवाड़ा, बापू कॉलोनी संसार चन्द रोड, स्टेशन रोड, बनीपार्क एवं नसीया क्षेत्र में सुबह 8.15 बजे से 9.15 बजे पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।
Updated on:
22 Oct 2024 08:40 am
Published on:
22 Oct 2024 08:40 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
