
पीएम मोदी-पचपदरा रिफाइनरी। पत्रिका फाइल फोटो
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 अप्रेल को बालोतरा में एचपीसीएल के इंटीग्रेटेड रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर गुरुवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सीएम ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रधानमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और रिफाइनरी से उत्पादित एलपीजी टैंकरों को हरी झंडी दिखाएंगे।
सीएम ने कहा कि रिफाइनरी में पेट्रोल-डीजल के साथ पॉलीप्रोपाइलीन, एलएलडीपीई, एचडीपीई, बेंजीन, टोल्यून और ब्यूटाडाइन का उत्पादन होगा। ये सभी उत्पाद परिवहन, फार्मा, पेंट, पैकेजिंग उद्योग आदि जैसे क्षेत्रों को मजबूती प्रदान करेंगे। यह परियोजना ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ आयात निर्भरता भी कम करेगी।
रिफाइनरी की वार्षिक शोधन क्षमता 9 मिलियन मीट्रिक टन है। इसमें 1.5 से 2.5 मिलियन टन राजस्थान क्रूड और 6.5 से 7.5 मिलियन टन आयातित क्रूड का उपयोग किया जाएगा। करीब 4400 एकड़ क्षेत्र में फैली इस रिफाइनरी से एलपीजी का व्यावसायिक उत्पादन शुरू हो चुका है।
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर बालोतरा जिले के पचपदरा स्थित राजस्थान रिफाइनरी में तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इसी क्रम में संभागीय आयुक्त जोधपुर आलोक रंजन ने गुरुवार को रिफाइनरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, वहीं जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त आलोक रंजन ने रिफाइनरी परिसर में प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने हेलीपैड, वृक्षारोपण स्थल, सभा स्थल, सभा कक्ष एवं नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, पार्किंग एवं अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध और सुचारु रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान जोधपुर रेंज आईजी सत्येंद्र सिंह, सीआईडी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपत सिंह, बालोतरा एडीएम भुवनेश्वर, बाड़मेर एडीएम राजेंद्र सिंह चंदावत, रिफाइनरी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रीतम सिंह, जीएम एचआर श्रवण केसरकर, सीआईएसएफ कमांडेंट रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Updated on:
10 Apr 2026 10:17 am
Published on:
10 Apr 2026 09:08 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
