
जयपुर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के नेताओं को 'मोदी जिताएंगे' वाली मानसिकता से बाहर निकलने को कहा है। नई दिल्ली में मंगलवार को दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के दूसरे और अंतिम दिन प्रधानमंत्री ने ये बात समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए दी। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे और प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया सहित राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल प्रदेश के अन्य नेता भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अब ‘मोदी आएंगे और हम चुनाव जीत जाएंगे’, इस मानसिकता से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि ज़रुरत अब जनता के बीच जाकर जन सरोकार करने में कड़ी मेहनत करने की है। ये बात दरअसल प्रधानमंत्री मोदी ने खासकर गैर-भाजपा शासित राज्यों राजस्थान और छत्तीसगढ़ को लेकर कही।
युवाओं को करें जागरूक
मोदी ने 18 से 25 वर्ष के युवाओं के बीच जाने का आह्वान करते हुए कहा कि उन्हें बताया जाए कि पहले किस तरह से कुशासन हुआ करता था और अब देश सुशासन की राह पर बढ़ चला है।
अमृतकाल है कर्तव्य काल
प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें देश का सुनहरा भविष्य दिख रहा है। इस ‘अमृत काल’ को ‘कर्त्तव्य काल’ में परिवर्तित करने से ही देश को आगे ले जाया जा सकता है।
सभी राज्य एक दूसरे से जुड़ें: प्रधानमंत्री ने काशी में आयोजित तमिल संगमम का उदाहरण देते हुए सभी राज्यों से एक दूसरे के साथ जुड़ने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी राज्य समन्वय बढ़ाते हुए भावनात्मक रूप से जुड़ें।
सीमा पर बसे गांवों में जाएं
प्रधानमंत्री ने सीमा पर बसे गांवों में भाजपा के सभी मोर्चों को लगातार कार्यक्रम करने की सलाह देते हुए वहां के लोगों से जुड़ने की सलाह दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि बॉर्डर विलेज को मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है।
भाजपा चलाएगी धरती बचाओ अभियान
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के मुताबिक, बैठक में पीएम मोदी का भाषण किसी राजनेता का नहीं बल्कि स्टेट्समैन का था। उन्होंने देश को पार्टी से ऊपर रखा। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार से हमने बेटी बचाओ अभियान को सफल बनाया उसी प्रकार से धरती बचाओ अभियान भी चलाना होगा। फर्टिलाइजर की अधिकता के कारण जलवायु परिवर्तन और धरती माता पर पड़ने वाले परिणामों को कम करने की आवश्यकता है। उन्होंने आकांक्षी जिलों के विकास में भी पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका पर जोर दिया।
मोदी मंत्र: कार्यकर्ताओं से सेवा में जुट जाने का आह्वान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को 2024 के लोकसभा चुनाव में सिर्फ 400 दिन बचे होने की बात कहते हुए कमजोर तबके की सेवा में जुट जाने को कहा है। प्रधानमंत्री ने वोट की चिंता किए बगैर समाज के हर तबके के बीच जाने की अपील करते हुए पार्टी को कई नए तरह के कार्यक्रम करने की भी सलाह दी है।
भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पार्टी का लोकसभा चुनाव तक का एजेंडा सेट किया। प्रधानमंत्री के निर्देश पर भाजपा पहली बार देश भर में प्राथमिक सदस्यों का भी जिलावार सम्मेलन कर उनसे रिश्ता मजबूत करेगी। अभी तक पार्टी कार्यकर्ताओं के ही सम्मेलन करती थी।
Published on:
18 Jan 2023 02:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
