
जयपुर। पंद्रह दिन पहले देर रात चित्रकूट स्थित जयश्री पेडि़वाल स्कूल के बाहर पटाखे फोडकऱ दहशत फैलाने और मेल भेजकर स्कूल में बम विस्फोट की धमकी देने के मामले का खुलासा हो गया है। मामले में वैशाली नगर थाना पुलिस ने स्कूल के चार पूर्व छात्रों को गिरफ्तार किया है। बाद में उन्हें थाने से जमानत पर रिहा कर दिया।
डीसीपी वेस्ट अशोक गुप्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपित अल्लाबख्श बिल्डिंग एमआई रोड, सिंधी कॉलोनी बनीपार्क, कोरल अपार्टमेंट श्यामनगर और पश्चिम विहार सिरसी रोड के रहने वाले हैं। गत 23 अक्टूबर को रात 1 बजे चारों दो गाडिय़ों में स्कूल के गेट के पास पहुंचे और पटाखे फोड़े। इससे रिसेप्शन के पास शीशा टूट गया। उसी रात स्कूल को मेल भेजकर धमकाया गया कि अगले दिन परिसर में बम फटेंगे। इससे हडक़ंप मच गया। पुलिस ने करीब 6 घंटे के तलाशी अभियान के बाद मामले को अफवाह बताया था।
वीडियो भी बनाया
आरोपितों ने पटाखे फोडऩे से लेकर गलियों से होते हुए घर पहुंचने तक का वीडियो भी बनाया और स्नैपचैट पर लोड कर दिया। वहां वीडियो देख किसी ने स्कूल में अगले दिन दोपहर 12 बजे बम फटने का मेल भेज दिया।
गौरतलब है कि 24 अक्टूबर को जयपुर के एक प्राइवेट स्कूल में बम होने की खबर से हडक़ंप की स्थिति बन गई थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस, एटीएस, बम निरोधी दस्ते और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंच गई। पूरे स्कूल परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया। लेकिन घंटों चले तलाशी के बाद कुछ नहीं मिला। अब तक की तफ्तीश में सामने आया है कि बम की धमकी भरा ई-मेल झूठा हो सकता है। इन टीमों ने घंटों तलाशी अभियान चलाया और स्कूल परिसर का चप्पा-चप्पा छान मारा। लेकिन जब कुछ भी नहीं मिला तब राहत की सांस ली गई। पुलिस ने इसे किसी शरारती तत्व की हरकत बताते हुए इसे बम की अफवाह बताया। बाद में पुलिस उस शख्स तक पहुंचने की कोशिशों में जुट गई जिसने ये शरारत की थी।
Published on:
13 Nov 2017, 10:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.