
liq
जयपुर।
राजधानी में गुरुवार को नकली शराब बनाने की फैक्ट्री का पुलिस ने पर्दाफाश किया। राजधानी की VKI और चौमू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने नकली शराब की फैक्ट्री पर छापे मार कार्रवाई करते हुए 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
विधानसभा चुनाव को लेकर अवैध शराब की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए जयपुर पश्चिम पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी को लेकर पुलिस को VKI इलाके के बढ़ारणा इलाके में नकली शराब बनाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने श्रवण वाटिका में स्थित एक फैक्ट्री पर छापा मार कार्यवाही की।
जहां हरियाणा निर्मित शराब पर राजस्थान की शराब के लेबल लगाने का काला कारोबार चल रहा था। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपी कानाराम जाट और गोपाल जाट को गिरफ्तार कर लिया है। वही फैक्ट्री से 15 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब की बरामद की है। इसके साथ ही शराब के विभिन्न ब्रांडों के खाली रैपर, स्प्रिट के पांच ड्रम, खाली पव्वे, ढक्कन, कार्टून के अलावा अन्य सामान भी पुलिस ने जब किया है।
जयपुर पश्चिम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने बताया कि आरोपी कानाराम जाट झोटवाड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है। जिसके खिलाफ 19 मामले दर्ज हैं। आरोपी स्विफ्ट कार में हरियाणा से शराब भरकर लाते थे और इस फैक्ट्री में राजस्थान में बिकने वाली शराब के विभिन्न ब्रांडों के रैपर और ढक्कन लगाकर अवैध रूप से राजस्थान के विभिन्न इलाकों में बेचते थे।
पुलिस ने इस पूरे कारोबार का खुलासा कर दिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।इसी अवैध फक्ट्री से शराब लेकर जा रहे स्विफ्ट चालक को चौमूं पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और 5 पेटी अवैध शराब की जप्त की है। चौमूं थनाधिकारी ने बताया कि आरोपी सुरेश कुमार को कार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
Published on:
01 Nov 2018 06:42 pm
