
24 अगस्त के बाद राजस्व मंडल घेराव और विधानसभा कूच की चेतावनी
नांगल राजावतान. मांगों और समस्याओं के समाधान में देरी से नाराज राजस्थान पटवार संघ ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। संघ की ओर से मंगलवार को उपखंड अधिकारी को राजस्व मंडल के निबंधक के नाम ज्ञापन सौंपकर विरोध जताया गया। पटवार संघ अध्यक्ष देशराज मीना, पटवारी उपेन्द्र मीना सहित पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार के ग्रामीण-शहरी सेवा शिविरों में पटवारियों ने अभूतपूर्व कार्य किया, लेकिन 15 जुलाई 2026 के बाद बैठक कर मांगों पर समाधान का आश्वासन अब तक पूरा नहीं हुआ। इससे पूरे पटवार संवर्ग में निराशा है।
ज्ञापन में डीसीएस गिरदावरी ऐप में संशोधन, बकाया मानदेय का तत्काल भुगतान, गिरदावरी लॉक होते ही भुगतान, सुरक्षा संबंधी निर्देश जारी करने, पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर ग्रेड पे 3600 व पे लेवल-10 देने, प्रत्येक ग्राम पंचायत में पटवार मंडल बनाने, नगरीय निकायों में पद सृजित करने तथा ऑफिस कानूनगो को नायब तहसीलदार पद पर क्रमोन्नत करने की मांग की गई। इसके अलावा पटवारी से तहसीलदार पद तक 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटा, बहुआयामी भत्ता, दोहरा कार्य भत्ता, स्टेशनरी भत्ता सहित अन्य भत्तों में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्र भत्ता और ट्रेवलिंग अलाउंस शुरू करने की मांग भी रखी गई।
संघ ने बताया कि दमनकारी परिपत्र वापस लेने सहित अन्य मांगों को लेकर राजस्व मंडल व विभाग को कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं। आंदोलन 1 अगस्त 2026 से लगातार जारी है। मांगें नहीं मानी गईं तो 20 अगस्त को उपखंड कार्यालयों का घेराव, धरना-प्रदर्शन व ज्ञापन तथा 21 अगस्त को जिला कलेक्टर कार्यालयों के सामने धरना, परिपत्र की होली दहन और ज्ञापन देने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद भी सरकार ने सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो 24 अगस्त 2026 के बाद राजस्व मंडल का घेराव और विधानसभा कूच किया जाएगा।
इस दौरान मीठालाल मीना, सतीश शर्मा, अर्चना मीना, संतोष मीना, लाली मीना आदि मौजूद रहे।
नांगल राजावतान के उपखण्ड अधिकारी कार्यालय पर ज्ञापन सौपते पटवारी।
Updated on:
19 Aug 2026 06:01 am
Published on:
19 Aug 2026 06:01 am
