
स्वच्छता पखवाड़े में रैली, वाल पेंटिंग और श्रमदान से ग्रामीणों को किया जागरूक
निवाई. स्वच्छ गांव, स्वस्थ समाज और नशामुक्त जीवन का संदेश लेकर करेड़ा बुजुर्ग में महिलाएं, युवा और विद्यार्थी सड़कों पर उतरे। माय भारत केंद्र टोंक युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से महिला मंडल करेड़ा बुजुर्ग की ओर से स्वच्छता पखवाड़े के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान की शुरुआत स्वच्छता जागरूकता रैली से हुई। महिलाओं ने गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
रैली से पहले व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामुदायिक स्वच्छता के महत्व तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर चर्चा की गई। इसके बाद महिलाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभाव बताए गए और नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
मुख्य चौराहे पर वाल पेंटिंग के जरिए स्वच्छता का संदेश उकेरा गया। वहीं युवाओं और विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता, स्वास्थ्य, सामाजिक समरसता और सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। स्वच्छता पखवाड़े के दौरान महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों ने श्रमदान कर गांव के खेल मैदान, सार्वजनिक पेयजल स्रोत, तालाब की पाल और आम रास्तों की साफ-सफाई की। सामूहिक प्रयास से ग्रामीणों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
महिला मंडल अध्यक्ष सीमा देवी ने अभियान के सफल आयोजन पर सभी सहयोगियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
फोटोकेप्शन
एनई1808सीडी-निवाई. करेडा बुजुर्ग में स्वच्छता रैली निकालते महिलाएं।
Updated on:
19 Aug 2026 06:01 am
Published on:
19 Aug 2026 06:01 am
