
चाकसू में श्री कामधेनु गोशाला की भूमि पर उपजिला अस्पताल आवंटन का विरोध, गोशाला के समर्थन में उमड़ा जन सैलाब
जयपुर। चाकसू बाइपास स्थित गरूड़वासी मोड़ पर संचालित श्री कामधेनु गोशाला (Shri Kamdhenu Goshala Chaksu Bypass) की भूमि पर उप जिला अस्पताल के नाम आवंटन के विरोध में सर्वसमाज ने विरोध जताते हुए गुरुवार को चाकसू बंद रखा। व्यापारियों ने प्रतिष्ठान बंद रखे। जन रैली निकाली गई। वहीं कोटखावदा मोड़ पर संतो के सान्निध्य में भूमि आवंटन निरस्त करने की मांग को लेकर उप जिला कलक्टर अशोक कुमार को ज्ञापन सौंपा। रैली में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं व बुजुर्गों ने गोमाता के जयकारे लगाए।
रास्ते में लोगों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया। लोगों ने गोशाला (Shri Kamdhenu Goshala) बचाने और भूमि आवंटन निरस्त करने की मांग की। कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी संध्या यादव पुलिस जाप्ते के साथ तैनात रही। इससे पहले कोटखावदा मोड़ पर गणेशपुरी आश्रम के महंत राजेन्द्रपुरी ने अनशन शुरू किया, जिसे ज्ञापन सौंपने के बाद अन्य संतों ने जूस पिलाकर तुड़वाया।
गोशाला की भूमि पर मंजूर नहीं अस्पताल
इस दौरान बसंतानंद महाराज ने कहा कि जब तक गोशाला की जगह का फैसला नहीं हो जाता, तब तक जन आंदोलन जारी रहेगा। महाराज ने कहा कि हम उपजिला अस्पताल के विरोध में नहीं हैं, लेकिन गोशाला की भूमि पर अस्पताल हमें स्वीकार नहीं है। अस्पताल चाकसू कस्बे के निकट व हाईवे से पहले बनना चाहिए। अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार लोगों का आवागमन रहेगा। सड़क पार करते समय आए दिन हादसे होंगे। महाराज ने कहा कि श्री कामधेनू गोशाला की भूमि पर फर्जी आवंटन कर उप जिला अस्पताल के नाम आवंटन कर दिया गया। महाराज ने गलत रिपोर्ट बनाने वाले पटवारी को सस्पेंड करने और सुनवाई नहीं होने पर सीएम आवास का घेराव करने की चेतावनी दी। इस मौके पर गोवर्धन से आए संत मनोहरदास महाराज, संत राधारमन दास आदि संत मौजूद थे।
Published on:
22 Dec 2022 09:29 pm
