
अमरीका में विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला थमा नही
वाशिंगटन. अश्वेत अमरीकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के खिलाफ अमरीका के शहरों में विरोध-प्रदर्शन का सिलसिला 10वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुलिस सुधार और नस्लवाद के व्यवस्थित अंत की मांग जब तक पूरी नहीं हो जाती, वे पीछे नहीं हटेंगे। फ्लॉयड की तस्वीरों और 'बहुत हुआÓ जैसे नारे लिखी तख्तियों के साथ वाशिंगटन डीसी, अटलांटा, फिलाडेल्फिया, शिकागो, ह्यूस्टन, लॉस एंजिलिस, सिएटल व अन्य शहरों में हजारों लोग सड़कों पर उतरे।
मिनियापोलिस में सैकड़ों लोगों ने एक मैमोरियल में भाग लिया जहां फ्लॉयड के भाई फिलोनिस ने न्याय की मांग की। वहीं, न्यूयॉर्क सिटी में फ्लॉयड के दूसरे भाई टेरेंस ने ब्रुकलिन में एक मैमोरियल रैली की भीड़ को संबोधित किया।
अटलांटा में मेयर कीशा बॉटम्स ने समर्थन का संदेश देते हुए सेंटेनियल ओलंपिक पार्क के बाहर एक प्रदर्शन में भाग लेते हुए प्रदर्शनकारियों से कहा कि मैं आप सभी के साथ आगे बढऩा चाहती हूं। उन्होंने कहा कि हमारे लिए इसके दूसरी तरफ कुछ बेहतर है। इधर, फिलाडेल्फिया में जिला अटॉर्नी लैरी कसनर ने घुटने टिकाकर जॉर्ज फ्लॉयड की स्मृति का सम्मान किया। कई प्रदर्शन रात के बाद भी जारी रहे, जिसके चलते कफ्र्यू वाले शहरों में छिटपुट गिरफ्तारियां भी हुईं।
ट्विटर: श्रद्धांजलि देता ट्रंप का वीडियो हटाया
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की कैंपेन टीम की ओर से अश्वेत अमरीकी नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड को श्रद्धांजलि देता एक वीडियो ट्विटर ने हटा दिया है। तीन जून को ट्विटर पर पोस्ट वीडियो तीन मिनट 45 सेकंड का है, जिसे ट्रंप व उनके बेटे डॉनल्ड जूनियर सहित कई लोगों ने लगभग 7,000 बार रिट्वीट किया था। ट्विटर ने कॉपीराइट की शिकायत मिलने के बाद इसे डिसेबल्ड कर दिया। ट्विटर और ट्रंप के बीच यह ताजा टकराव है, पहले भी कथित तौर पर हिंसा को बढ़ावा देने के हवाल से ट्रंप के कुछ ट्वीट हटाए गए थे।
एक और 'फ्लॉयडÓ की हिरासत में मौत!
न्यूयॉर्क. फ्लॉयड की मौत से इतर एक अन्य अश्वेत शख्स की पुलिस हिरासत में मौत का मामला सामने आया है। ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन निरोधक केंद्र में धातु की वस्तु से जेल की खिड़की तोड़ते कैदी जैम फ्लॉयड को अपने और दूसरों के लिए खतरा मान कर जेलकर्मियों ने पेपर स्प्रे किया, जिससे उसकी जान चली गई। बताया जाता है कि जैम अस्थमा व मधुमेह से पीडि़त था। जैम की मां का दावा है कि अफसरों को यह बात पता थी।
अमरीकी सलाहकार मिलर ने दिया इस्तीफा
अमरीकी रक्षा विभाग के सलाहकार जेम्स जूनियर मिलर ने सेंट जॉन एपिस्कोपल चर्च में प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग के खिलाफ अपना त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने कहा कि चर्च में बल प्रयोग के फैसले का रक्षा सचिव मार्क एस्पर विरोध कर सकते थे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।
मेयर ब्लासियो के खिलाफ गुस्सा
न्यूयॉर्क में 8 बजे के बाद कफ्र्यू में भी हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों थे। दर्जनों को गिरफ्तार किया गया। मैनहट्टन, ब्रुकलिन और ब्रोंक्स में अच्छी-खासी पुलिस फोर्स मौजूद थी। शहर के कई हिस्सों में पुलिस ने सैकड़ों लोगों की भीड़ को देखते ही रास्ते बाधित किए और गिरफ्तारियां कीं।
Published on:
6 Jun 2020, 12:27 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.