
जयपुर/धौलपुर/महुवा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी पिछली राज्य सरकार को ही निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछली बार राजस्थान की सरकार में जिस प्रकार आपकी सुनवाई होनी थी।
मंत्रियों को जनता की बात सुननी चाहिए थी, वो नहीं सुनी। मैं इस बात को जानता हूं और समझता भी हूं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मुख्यमंत्री और मंत्री कोई भी हो, जनता के लिए दरवाजे खुले रखने होंगे।
ऐसा नहीं किया तो उन्हें पद से हटा दिया जाएगा। राहुल मंगलवार को धौलपुर के मनिया से महुवा के बीच करीब डेढ़ सौ किमी लंबे रोड-शो के दौरान आयोजित सभाओं में बोल रहे थे। रोड-शो में उनका जगह-जगह स्वागत हुआ। उन्होंने चार स्थानों पर सभा को संबोधित किया।
राहुल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दोनों पर राजनीतिक कटाक्ष किए। उन्होंने मोदी को उद्योगपति अनिल अम्बानी से जोड़ा। वहीं वसुंधरा को उद्योगपति ललित मोदी से जोड़ते हुए कहा कि ललित ने राजे के बेटे दुष्यंत सिंह को बिजनेस करने के लिए 10 करोड़ रुपए दिए और फिर ललित मोदी भाग गया। आज लंदन में बैठा है।
वसुंधरा चुनाव से एक माह पहले बिजली बिल माफ करने की बात कर रहीं थी। इसका जवाब सचिन पायलट ने सही दिया कि मुख्यमंत्री साढ़े चार साल से क्या कर रही थीं? आज दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी और राजस्थान में वसुंधरा राजे की सरकार फेल हो गई है। हम तो झूठे वादे नहीं करते, लेकिन कर्नाटक में किसान कर्ज माफी का वादा दिया और सरकार बनन के दस दिन में पूरा कर दिया।
राहुल ने कहा कि पार्टी में सभी लोग मिलजुल कर प्यार से काम कर रहे हैं। अशोक गहलोत और सचिन पायलट एक साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर घूम रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ाने को लेकर कहा कि कार्यकर्ता बब्बर शेर है। अब भाजपा को पछाडऩे के लिए क्षेत्र में जुट जाना है।
चाय की थड़ी पर बच्चे के 'मन की बात'
रोड शो के दौरान राहुल गांधी भरतपुर जिले के बयाना के पास ब्रह्माबाद में एक चाय की थड़ी पर रुके। चाय पीने के बाद राहुल को वहां एक बच्चा नजर आया। उन्होंने बच्चे से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी थे।
राजनीतिक बयानों के पैराशूट से उतरा कयासों का तूफान
राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि दूसरी पार्टी या भाजपा से कांग्रेस में शामिल होने वाले को टिकट नहीं मिलेगा। ऐसे पैराशूटी नेता नहीं चलेंगे। जो व्यक्ति कांग्रेसी विचारधारा के हैं और जिन्होंने पांच साल कांग्रेस के लिए खून-पसीना बहाया है, लाठी खाई है, उसे ही टिकट मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अब जो कांग्रेस की सरकार बनेगी वह आम गरीब की होगी। उस पर पहला अधिकार आमजन और फिर कांग्रेस कार्यकर्ता का होगा।
Updated on:
10 Oct 2018 08:31 am
Published on:
10 Oct 2018 08:31 am
