
36 घंटे में पौने दो इंच से ज्यादा बारिश
गुलाबीनगर में मानसून सक्रिय होने के साथ ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। बीते 36 घंटे में जयपुर में करीब 45 मिमी (पौने दो इंच) बारिश दर्ज की गई। शहर के कई इलाकों, खासकर निचले इलाकों में पानी भर गया, जिसकी वजह से लोगों को आवागमन में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। नालों की सफाई नहीं होने से कई इलाकों में सड़कों पर कचरा फैल गया। इस दौरान मानसरोवर में द्वारकादास पार्क के पास सड़क धंस गई। इससे पहले भी बारिश के दौरान यहां सड़क में गहरा गड्ढ़ा हो गया था। उधर बारिश रुकने के साथ ही शहर में उमसभरी गर्मी का जोर रहा। शहर में सुबह 8.30 से शाम 5.30 बजे तक 11.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि सुबह 8.30 बजे खत्म हुए बीते 24 घंटों के दौरान करीब 33.2 मिमी बाशि रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। गुलाबीनगर में भी आने वाले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना है।
युवक की डूबने से मौत
अलवर शहर सहित जिलेभर में रुक-रुककर बारिश होती रही। बारिश से जगह-जगह पानी भर गया। नौगावां के मुबारिकपुर में नाले में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। बारिश से सिलीसेढ़ बांध का करीब डेढ़ इंच जलस्तर बढ़ गया। लंबे समय बाद बारा वीयर के चलने से सूखे पड़े जयसमन्द में पानी आने की आस बंधी। अलवर शहर में 33, कोटकासिम में 34, थानागाजी में 25, राजगढ़ में 21, रामगढ़ में १८, जयसमन्द में २७, तिजारा में १०, गोविन्दगढ़ में १२ एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई।
मां की मौत, बेटा-बहू समेत तीन झुलसे
बिजौलियां-सलावटिया (भीलवाड़ा) उपखंड क्षेत्र के आरोली पंचायत के निमड़ीगुवा गांव में सोमवार को खेत पर आकाशीय बिजली गिरने से मां की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा, बहू और पोती झुलस गए। पुलिस के अनुसार रमेश भील, पत्नी नोजी भील, मां नंदू भील तथा बेटी बसंती खेत पर पेड़ की डालिया काट रहे थे। तभी तेज गर्जना के साथ खेत पर बिजली गिर गई। इससे चारों झुलस गए। उनको बिजौलियां अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान नंदू ने दम तोड़ दिया।
किसान की मौत
सुल्तानपुर क्षेत्र के एक गांव में खेत पर काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से सोमवार दोपहर किसान कन्हैयालाल केवट की मौत हो गई।
यहां भी बरसे मेघ
प्रदेश के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश का दौर जारी है। उदयपुर के मावली में सोमवार सुबह ८.३० बजे तक सर्वाधिक ११० मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सोमवार को अजमेर में भी बारिश हुई, यहां ११.८ मिमी रिकॉर्ड हुई। बीकानेर में ६.८ और कोटा में ३ मिमी बारिश दर्ज की गई।
Published on:
16 Jul 2018 09:19 pm
