
mansoon alert - heavy rains in mp - weather reportt
जयपुर। बीते रविवार को राजधानी जयपुर समेत दक्षिण पूर्वी जिलों में बारिश का थमा दौर फिर शुरू हो गया। आसमान में घने बादलों की उपस्थिति के साथ ही मेघ प्रदेश के कई जिलों में जमकर मेहरबान हुए। राजधानी में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई वहीं बीती देररात तक शहर के कई इलाकों में बूंदाबांदी होती रही। जयपुर के आमेर में जहां तीन इंच बारिश हुई वहीं दौसा के लालसोट में चार इंच बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के दक्षिण पूर्वी हिस्सों में चक्रवाती तंत्र सक्रिय होने से निम्न वायुदाब क्षेत्र के असर से अगले 24 घंटे में दक्षिण पूर्वी जिलों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। हालांकि पश्चिमी मैदानी इलाकों में अब भी मौसम शुष्क बना हुआ है और गर्मी के तेवर तीखे हो रहे हैं।
बीते चौबीस घंटे में हुई बारिश से जयपुर शहर की लाइफ लाइन बीसलपुर बांध में पानी की आवक की रफ्तार थोड़ी बढ़ गई है। बांध के केचमेंट क्षेत्र में बीती शाम एक इंच बारिश हुई वहीं देवली 16 और मोतीसागर में 4 मिमी पानी बरसा। भीलवाड़ा व आस पास के इलाको में हुई तेज बारिश से त्रिवेणी में पानी की आवक तेज हो गई है। हालांकि बीते चार दिनों से त्रिवेणी में पानी का बहाव 1.10 मीटर उंचाई पर रहा है लेकिन फिर भी बांध में लगातार हो रही पानी की आवक से बांध का जलस्तर स्थिर बना रहा है। आज सुबह बांध का जलस्तर 309.10 आरएल मीटर दर्ज हुआ है। बांध से जयपुर,अजमेर,टोंक और दौसा को रोजाना जितना पानी सप्लाई किया जा रहा है लगभग उतने ही पानी की बांध में आवक बने रहने से बांध का जलस्तर स्थिर रहा है।
रविवार को शहर में मेघ जमकर बरसे। दोपहर से शुरू हुआ बारिश का दौर देररात तक चला। बारिश से जहां मौसम सुहावना हो गया वहीं शहर के कई इलाकों में जमा बारिश का पानी शहरवासियों के लिए परेशानी का कारण बन गया। बारिश के जमा पानी ने शहर में नगर निगम के ड्रेनेज सिस्टम के दावों के पोल खोलकर रख दी। बारिश से शहर के कई इलाकों में सड़कों पर कटाव होने से दुर्घटना की आशंका बनी रही। रविवार दोपहर से शुरू हुई बारिश से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। बीती रात बारिश के कारण शहर के न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट आई वहीं आज सुबह हवा में नमी बढ़ने से उमस और गर्मी के तेवर नर्म रहे।
यहां बरसे मेघ
दौसा के लालसोट कस्बे में सर्वाधिक 98 मिमी पानी बरसा वहीं जयपुर के आमेर में 70, सांगानेर 68, जयपुर सिंचाई 49 और कोटखावदा में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। भपतरु के कुम्हेर में 57, नगर 46, टोंक के नगर फोर्ट और कोटा के पीपलदा में 55 मिमी व अलवर के लक्ष्मणगढ़ में 46 मिमी बारिश मापी गई। इसके अलावा बीकानेर,धौलपुर और सवाई माधोपुर में भी बारिश रिकॉर्ड हुई है।
Published on:
20 Aug 2018 12:11 pm
