
जयपुर।
'लाल डायरी' से हालिया चर्चा में रहे गहलोत सरकार से बर्खास्त विधायक राजेंद्र गुढ़ा अब एक नई पार्टी से अपनी नई सियासी पारी खेलने उतर सकते हैं। अपने राजनीतिक करियर में बसपा और कांग्रेस से जुड़ाव रख चुके झुंझुनू के उदयपुरवाटी से विधायक गुढ़ा के अब शिवसेना में शामिल होने की चर्चाएं ज़ोरों पर हैं।
5 वीं बार होगा दल-बदल
विधायक राजेंद्र गुढ़ा यदि शिवसेना में शामिल होते हैं तो ये 5वीं बार होगा जब वे दल-बदल कर किसी अन्य पार्टी का दामन थामेंगे। इससे पहले वे दो बार बसपा और दो बार कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। शिवसेना में शामिल होने के बाद संभवतया वे प्रदेश के सबसे ज़्यादा बार दल-बदलने वाले विधायक हो जाएंगे।
गौरतलब है कि गुढ़ा ने सबसे पहली बार वर्ष 2008 में बसपा के टिकट पर उदयपुरवाटी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा और कांग्रेस-भाजपा प्रत्याशियों को हराकर जीत हासिल की। इसके बाद साथी विधायकों के साथ बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए।
तत्कालीन गहलोत सरकार में राज्य मंत्री बने। फिर वर्ष 2013 में कांग्रेस टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे लेकिन हार गए। इसके बाद वर्ष 2018 विधानसभा चुनावों से ऐन पहले वे फिर से कांग्रेस छोड़ बसपा से जुड़ गए। बसपा टिकट पर चुनाव लड़ा और जीतकर दूसरी बार विधायक बने। लेकिन फिर से उन्होंने बसपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया जिसके इनाम में उन्हें फिर से राज्य मंत्री का ओहदा दिया गया। अब उनके शिवसेना में जाने की चर्चाएं हैं।
महाराष्ट्र सीएम कल आ रहे गुढ़ा
महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे शनिवार को उदयपुरवाटी के गुढ़ा दौरे पर आ रहे हैं। मौक़ा विधायक राजेंद्र गुढ़ा के बेटे शिवम् गुढ़ा के जन्मदिन समारोह का बताया गया है। शिंदे के यहां आने से राजेंद्र गुढ़ा के शिवसेना में शामिल होने की खबरें और तूल पकड़ने लगी हैं।
राजेंद्र गुढ़ा का 'गोलमोल' जवाब
शिवसेना में शामिल होने की तमाम अटकलों और चर्चाओं के बीच राजेंद्र गुढ़ा ने अभी तक खुलकर इस बात को स्वीकार नहीं। मीडिया के सवालों का वे गोलमोल जवाब दे रहे हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा है कि शिंदे भले व्यक्ति हैं, लंबे समय से उनसे सम्बन्ध हैं, बेटे के जन्मदिन पर आ रहे हैं, मैं उनका वेलकम करूंगा।
गुढ़ा ने कहा कि ये अभी भविष्य का प्रश्न है कि मैं चुनाव लडूंगा या नहीं लडूंगा, पार्लियामेंट लडूंगा या असेम्बली लडूंगा। जहां तक बार शिवसेना की है, तो इसका पहले कांग्रेस से भी गठबंधन रहा है। तब शिवसेना सेक्यूलर मानी गई थी, अब शिंदे गुट कांग्रेस के साथ नहीं है तो शिवसेना कम्युनल हो गई है। इससे ज़्यादा कुछ नहीं।
शिवसेना प्रभारी का दावा
शिवसेना में शामिल होने को लेकर भले ही विधायक राजेंद्र गुढ़ा खुलकर घोषणा नहीं कर रहे हों, लेकिन शिवसेना के राजस्थान प्रभारी चंद्रराज सिंघवी इसकी पुष्टि कर रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिये ये सार्वजनिक घोषणा की है।
सिंघवी ने हाल में जारी एक प्रतिक्रिया में लिखा, '9 सितंबर को राजेंद्र गुढ़ा के आने से शिवसेना की ताकत बढ़ेगी। लेकिन यह तो अभी शुरुआत है। पर्दे के पीछे 20 जीतने लायक उम्मीदवार शिवसेना का दमन थामने के लिए तैयार हैं। बारी-बारी ये लोग इस पर निर्भर करेंगे कि भारतीय जनता पार्टी हमें कितनी सीट समझौते के तहत देती है, क्योंकि महाराष्ट्र मुख्यमंत्री का ये स्पष्ट निर्देश है कि हम कोई ऐसा कदम नहीं उठाएंगे जिससे भाजपा का नुकसान हो ।
Published on:
08 Sept 2023 12:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
