10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

वीआईपी इलाके में सेतु और मेट्रो से विकास की चमक ज्यादा… शेष इलाके में विकास आधा

Rajasthan Assembly Election 2023: अनूठी अनुभूति की आभा लिए खड़ा भारत जोड़ो सेतु, धड़ल्ले से दौड़ती मेट्रो, एलिवेटेड रोड का नजारा विकास की नई इबारत को बयान कर रहे हैं।

2 min read
Google source verification
photo_6201981304715720145_x.jpg


संदीप पुरोहित/जयपुर
Rajasthan Assembly Election 2023 अनूठी अनुभूति की आभा लिए खड़ा भारत जोड़ो सेतु, धड़ल्ले से दौड़ती मेट्रो, एलिवेटेड रोड का नजारा विकास की नई इबारत को बयान कर रहे हैं। जयपुर का यह क्षेत्र सबसे विकसित क्षेत्रों में से है। जयपुर मेट्रो का अधिकांश भाग सिविल लाइंस में आता है। इसमें राजभवन मुख्यमंत्री निवास, मंत्रियों के बंगले सचिवालय सहित बहुत सारे सरकारी कार्यालयों वाली इस वीआइपी सीट में पॉश इलाकों में तो सफाई, पानी, सीवरेज और सडक़ों के हालात अच्छे हैं, लेकिन अजमेर रोड पर नाले के पास सुशीलपुरा कच्ची बस्ती, रामनगर शास्त्री नगर, पुराना सोडाला, चार नंबर डिस्पेंसरी के आसपास हालात सही नहीं है। रामनगर में एक छोटी सी होटल पर कुछ लोग चाय की चुस्कियों के साथ अखबार पढ़ रहे थे। पट्टे देने की खबर पर चर्चा हो रही थी तो मैंने पूछा कि यहां कोई ऐसा है जिसे पट्टा मिला हो, तो वहां खड़ा भीमराज प्रजापत बोला, हमें मिला है। हमने पूछा लेने में दिक्कत आई क्या। बोला कागज बहुत मांगते हैं। घूमते हुए मंदिरों में बने कम्यूनिटी हॉल में पहुंच गए। जहां भजन संध्या चल रही थी। वहां मौजूद श्याम शरण जांगिड़ ने कहा, सरकार की तीर्थ यात्रा योजना अच्छी है, पर कम संख्या यात्री में भेजे जाने का उनको गिला है।


सचिवालय और हाईकोर्ट के बाहर खड़ी गाडिय़ां पार्किंग अव्यवस्था दिखा रही थी। राजस्थान के सबसे बड़े एसएमएस अस्पताल में जहां हमेशा की तरह भीड़-भाड़ थी। हमने कुछ लोगों से बात की। आमेर के रूपारामने सरकार की चिरंजीवी योजना में हो रहे मुफ्त इलाज के साथ धड़ल्ले से बाहर से कराई जा रही जांचों पर नाराजगी जताई। मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र में राजस्थान विश्वविद्यालय होते हुए बापू नगर में युवाओं की नब्ज टटोली तो पेपर लीक प्रकरण को लेकर साफ नाराजगी दिखी। रमेश मीणा का कहना था कि आप कितनी ही सजा दे दीजिए पर लाखों लोगों के टाइम की भरपाई कैसे करेंगे। वहां से टोंक फाटक गए तो युवाओं का मेला लगा हुआ था। सडक़ पर चलना मुश्किल था। छोटी गलियों में ट्रैफिक का भारी दबाव फिर अतिक्रमण। यहां अधिकांश मकानों में दुकान है। यहां के वाशिंदे संजीव कुमार का कहना था कि रोजगार नहीं है तो लोग क्या करेंगे। सरकार तो सबको रोजगार दे नहीं सकती।

यह भी पढ़ें : वर्ल्ड हेरिटेज सिटी: पुरा वैभव के संरक्षण की आस अधूरी, मेट्रो सी गति के साथ विकास जरूरी

रोजगार के लिए औद्योगिक विकास जरूरी है। जयपुर में सबसे पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में से एक विश्वकर्मा और दूसरा झोटवाड़ा, दोनों ही विद्याधर नगर विधानसभा मेें आते हैं। यहां मौजूद ज्यादातर व्यापारियों की शिकायत इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर ही है। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में एक युवा उद्यमी अनिकेत मंगल का कहना है कि सरकार कोई भी हो पर विजन एक होना चाहिए। पॉलिसी बार-बार नहीं बदलनी चाहिए। जितना अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर होगा, उतनी ही तेजी से डवलपमेंट होगा। साथ ही यंग इंटरप्रेन्योर को फाइनेंशियल सपोर्ट करना चाहिए। उद्योग हो या कृषि पैसे की जरूरत हर जगह है। झोटवाड़ा विधानसभा का बड़ा हिस्सा ग्रामीण क्षेत्र में आता है। यहां बिजली की समस्या है।

किसानों के कर्ज माफी को लेकर हरिराम जाट कहते हैं साहब, किसानों का कर्ज कभी चुका है। किसान कभी कर्ज मुक्त हो पाएगा या नहीं यह तो काल के गर्भ में है पर फिलहाल तो नेताओं ने पांच साल में जनता का कर्ज कितना चुकाया। इसका लेखा-जोखा जनता ने तैयार कर लिया है।

यह भी पढ़ें : केकड़ी को रेल का इंतजार, नसीराबाद में हर काम के लिए बोर्ड की अनुमति जरूरी