
जयपुर।
राजस्थान की 15 वीं विधानसभा का पहला सत्र मंगलवार से शुरु हुआ। पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जा रही हैं। प्रोटेम स्पीकर गुलाब चंद कटारिया ने सुबह ग्यारह बजे विधानसभा की कार्यवाही शुरु की।
नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों को शपथ दिलाना शुरु किया। सबसे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को विधानसभा सदस्य की शपथ दिलाई। गहलोत ने हिन्दी में शपथ ली। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा मंत्री प्रमोद जैन भाया, विश्वेन्द्र सिंह, हरीश चौधरी, गोविन्द्र सिंह डोटासरा सहित अन्य मंत्रियों एवं पुर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़ तथा अन्य नव निर्वाचित विधायकों ने विधानसभा सदस्य की शपथ ली।
इस दौरान विधायक वासुदेव देवनानी, अशोक लाहोटी, छगन सिंह राजपुरोहित, जोगेश्वर गर्ग, विट्ठलशंकर अवस्थी, धर्मनारायण जोशी, पब्बाराम विश्नोई, मदन दिलावर आदि ने संस्कृत में शपथ ली जबकि जाहिदा खान एवं प्रशांत बैरवा ने अंग्रेजी में शपथ ली।
लगभग आधा दर्जन विधायकों ने राजस्थानी भाषा में शपथ लेना चाहा लेकिन प्रोटेम स्पीकर ने वैधानिक बाध्यता के कारण उन्हें इसकी अनुमति नहीं दी। बाद में कुछ विधायकों ने मुंह पर पट्टी बांधकर अपना विरोध भी जताया।
विधायक इंद्रा देवी और गंगा देवी को प्रोटेम स्पीकर ने एक-एक शब्द बोलकर विधानसभा सदस्य की शपथ दिलाई। विधानसभा अध्यक्ष के लिए डॉ सीपी जोशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है। नामांकन के समय सीएम गहलोत, डिप्टी सीएम पायलट, पूर्व सीएम राजे एवं राठौड़ तथा कई विधायक उनके साथ थे।
सत्र के दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा तथा सत्र की तीसरे दिन सत्रह जनवरी को राज्यपाल का अभिभाषण होगा।
ट्रेक्टर लेकर पहुंचे विधायक
अलवर के बहरोड़ से विधायक बलजीत यादव ने भी अनूठे अंदाज़ में विधानसभा परिसर में एन्ट्री ली। यादव किसी कार से नहीं बल्कि ट्रेक्टर में बैठकर पहुंचे। उनका इस तरह से विधानसभा में प्रवेश लेना वहां मौजूद सभी के बीच चर्चा का केंद्र रहा। गौरतलब है कि बलजीत यादव पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।
मुंह पर पट्टी बांधकर पहुंचे बिहारीलाल
बीकानेर के नोखा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने बिहारीलाल बिश्नोई। बिश्नोई अपने मुंह पर एक सन्देश लिखी पट्टी बांधकर पहुंचे। इस पट्टी में लिखा हुआ था, 'राजस्थानी मायड़ भासा री मान्यता बिना गूंगो राजस्थान।'
बिश्नोई का इस अलग अंदाज़ से पहुंचना विधानसभा परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। गौरतलब है कि बिश्नोई प्रदेश की सबसे हॉटसीट मानी जा रही नोखा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी थे, और उन्होंने ही यहां से कांग्रेस के कद्दावर नेता और नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी को शिकस्त दी थी।
संक्षिप्त रहेगा पहला सत्र
राजस्थान की पन्द्रहवीं विधानसभा का पहला सत्र संक्षिप्त होगा जिसके पहले दिन प्रोटेम स्पीकर गुलाब चंद कटारिया नवनिर्वाचित विधायकों को विधानसभा सदस्य की शपथ दिलायेंगे। इसके अगले दिन विधानसभा अध्यक्ष का चयन किया जाएगा।
माना जा रहा है कि गहलोत सरकार द्वारा हाल में लिए निर्णय निकाय चुनाव के लिए शैक्षणिक योग्यता समाप्त करने, महापौर का चुनाव सीधे जनता से कराने आदि विधेयक लाये जा सकते हैं। इस सत्र में विपक्ष किसानों के कर्ज माफ, युवाओं को रोजगार, अवैध बजरी खनन एवं यूरिया की किल्लत आदि मुद्दों पर कांग्रेस सरकार को घेरने की कोशिश करेगा।
Published on:
15 Jan 2019 01:53 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
