
जयपुर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 7 जुलाई को जयपुर में प्रस्तावित सभा में किसी प्रकार का व्यवधान रोकने के लिए भाजपा ने रणनीति तैयार की है। अब मोदी की सभा में उन्हें ही बुलाया जाएगा, जो सीधे तौर पर भाजपा की विचारधारा से जुड़े हों। झुंझुनूं की एक सभा में हुए हंगामे के बाद यह सावधानी बरती जा रही है। हर जिले से आने वाले लाभार्थी की सूची तैयार कराई जा रही है। इसके बाद उसकी जांच की जाएगी।
भाजपा ने दो दिन पहले सभी सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और भाजपा के जिला प्रभारियों की बैठक में यह निर्णय किया। बैठक में जितने भी जनप्रतिनिधि और भाजपा के नेता आए, उनको यह साफ कहा गया कि जनसभा में उसी लाभार्थी को लाना है, जो भाजपा से जुड़ा हुआ हो।
डर है, खलल न पड़ जाए
भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया है कि चुनावी साल है। ऐसे में कांग्रेसी या अन्य राजनीतिक दल की विचारधारा से जुड़ा हुआ लाभार्थी आता है तो पार्टी को यह डर है कि कहीं वो जनसभा में खलल नहीं डाल दे। एक मंत्री ने इसकी पुष्टि भी की है। एक पदाधिकारी ने बताया कि सरकार ने 2.38 लाख लाभार्थी छांटे हैं। इसके अलावा करीब एक लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को जनसभा में लेकर आने का लक्ष्य दिया गया है।
हो रहा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग: गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, कि प्रधानमंत्री के जयपुर कार्यक्रम को राज्य सरकार द्वारा प्रशासनिक रैली के रूप में आयोजित किया जा रहा है। अधिकारियों को भीड़ लाने एवं गाड़ियों के लिए टारगेट दिए गए हैं। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटाने के लिए प्रशासनिक मशीनरी एवं धन का खुला दुरूपयोग किया जा रहा है।
... इधर तैयारी बैठकों का सिलसिला जारी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 7 जुलाई को प्रस्तावित जयपुर यात्रा की तैयारियों को लेकर सचिवालय में बुधवार को मुख्य सचिव डीबी गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। मुख्य सचिव ने सभी विभागों के उच्चाधिकारियों से क्रमवार प्रधानमंत्री की यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी प्राप्त की।
बैठक में गुप्ता ने बताया कि 7 जुलाई को अमरूदों के बाग में अयोजित होने वाले क्रार्यक्रम में केन्द्र तथा राज्य सरकार की योजनाओं जिनमें प्रमुख उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य योजना, भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना, राजश्री योजना, स्कूटी वितरण योजना, पालनहार योजना, तीर्थ यात्रा योजना, श्रमिक कार्ड, स्किल इण्डिया, मुख्यमंत्री जल स्वांलम्बन अभियान एवं स्मार्ट सिटी कल्याणकारी योजनाओं के ऎसे लाभार्थी भाग लेंगे। जिन्होंने इन योजनाओं के अन्तर्गत लाभ प्राप्त करके अपने जीवन स्तर को बढ़ाया है।
गुप्ता ने बताया कि बड़ी संख्या में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों का एक स्थान पर आना पहली बार होगा। प्रधानमंत्री स्वयं लाभार्थियों से रूबर होकर उनके अनुभव जानेंगे। उन्होंने निर्देश दिये कि 30 जून तक सभी जिला कलक्टर अपने-अपने जिले के लाभान्वित व्यक्तियों की सूची एवं उनकी यात्रा के संबंध में की गई व्यवस्थाओं से अवगत करायें।
बैठक में मुख्य सचिव ने समारोह स्थल पर चिकित्सा वाहन, अग्निशमन वाहन सहित पर्याप्त संख्या में चिकित्सों की व्यवस्था, चल शौचालयों, पीने के पानी, विद्युत आदि की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश भी दिये।
Updated on:
28 Jun 2018 08:47 am
Published on:
28 Jun 2018 08:46 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
