21 जनवरी 2026,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान की कानून व्यवस्था पर ‘सवाल’, भाजपा ने सीएम गहलोत से मांगा इस्तीफा

भाजपा ने कहा, राजस्थान में पिछले काफी समय से अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सोशल एकाउंटेबिलिटी लॉ का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल में प्रदेश की जनता को एक प्रतिशत भी एकाउंटेबिलिटी नहीं दिखी। शांति-सौहार्द वाला यह प्रदेश खराब कानून व्यवस्था के कारण अपराध का गढ़ बन गया है।

2 min read
Google source verification
cp joshi

सीपी जोशी, राजस्थान भाजपा अध्यक्ष

जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव होने को भले ही कुछ महीने शेष हो, लेकिन भाजपा और कांग्रेस में सियासी खींचतान जारी है। कांग्रेस जहां गहलोत सरकार के कामकाज के आधार पर फिर से सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है, वहीं भाजपा भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा समेत कई मुद्दों को लेकर राज्य सरकार को घेर रही है। इसी कड़ी में एक बार फिर कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने गहलोत सरकार को निशाने पर लिया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी ने सीएम गहलोत के गृह जिले जोधपुर में बढ़ते अपराध को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ''सीएम का गृह जिला जोधपुर अपराध में जल रहा। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी अपने पूरे प्रदेश को अंधकार में धकेल दिया है। ओसियां में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर जला दिया गया है। यह घटना वीभत्स, शर्मनाक और प्रदेश की कानून व्यवस्था को कलंकित करने वाली है। केवल झूठी घोषणा करने और कानून बना देने से जनता को राहत नहीं मिलती।'' सीपी जोशी ने कहा, ''घटना शर्मनाक है, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले में हुई इस घटना के लिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। ''

उन्होंने गहलोत सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, मुख्यमंत्री अपने बेटे का 'वैभव' बढ़ाने में लगे हैंं, तो राजस्थान का 'वैभव' गिर रहा, इसकी उनको चिंता नहीं है। राजस्थान में पिछले काफी समय से अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सोशल एकाउंटेबिलिटी लॉ का वादा किया था, लेकिन साढ़े चार साल में प्रदेश की जनता को एक प्रतिशत भी एकाउंटेबिलिटी नहीं दिखी। शांति-सौहार्द वाला यह प्रदेश खराब कानून व्यवस्था के कारण अपराध का गढ़ बन गया है। आज लगातार तीसरे दिन में तीसरी बड़ी घटना है, ओसियां विधानसभा के गांव में चार लोगों को, जिसमें एक मासूम भी है, जिंदा जला दिया गया।

रामनवमी, हिंदू नववर्ष, हनुमान जयंती को लेकर भी गहलोत सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा, एक तरफ कोटा में PFI जैसे आतंकी संगठन को बड़ी रैली की अनुमति मिलती है, तो दूसरी तरफ राम नवमी और हिंदू नववर्ष मनाने वाले लोगों पर धारा 144 लगाई जाती है, प्रतिबंध लगाया जाता है। राम का नारा लगाने वाले पर एफआईआर दर्ज की जाती है। उदयपुर में भगवा पताका फहराने पर प्रतिबंध लगाया जाता है। ये कौन सा कानून और काम करने की कैसी दृष्टि है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीपी जोशी यहीं नहीं रुके और उन्होंने कहा, राजस्थान में कांग्रेस ने घोषणापत्र में किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया। राज्य में कर्ज के तले दबे किसान आत्महत्या कर रहे हैं। राज्य में अपराध बढ़ रहे, अपराधियों को संरक्षण मिल रहा, मुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए।

उधर, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी ट्वीट कर कानून व्यवस्था के मसले पर अशोक गहलोत सरकार को कठघरे में खड़ा किया। पूनावाला ने कहा, सीएम गहलोत के गृह जिले में चार लोगों की हत्या, जिंदा जलाया गया। करौली में 9 साल की लड़की की हत्या, रेप और एसिड से हमला। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।