19 जनवरी 2026,

सोमवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान : … तो चंदा वसूलने Congress कार्यकर्ताओं के घर भी दस्तक देंगे BJP कार्यकर्ता !

भाजपा का 'निधि संग्रहण' अभियान चर्चा में, चंदा वसूली के लिए घर-घर दस्तक देंगे कार्यकर्ता, ... तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घर भी देनी होगी दस्तक ! भाजपा कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति, फिलहाल साधी 'चुप्पी', एक करोड़ लोगों तक पहुँचने का रखा गया है लक्ष्, 25 दिसंबर से 11 फरवरी तक चलेगा अभियान  

2 min read
Google source verification
Rajasthan BJP to collect donation from every house

जयपुर।

राजस्थान प्रदेश भाजपा के कार्यकर्ता अब अपनी पार्टी के लिए चंदा वसूलने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के घरों पर भी दस्तक देते दिखाई देंगे। जी हां, ये बात सुनने में भले ही अटपटी लगे, पर पार्टी की ओर से घोषित 'आजीवन सहयोग-निधि संग्रहण' अभियान की कार्य योजना पर नज़र डालें तो कुछ इसी तरह की बात उभरकर सामने आ रही है। ज़ाहिर है यही बात प्रदेश भाजपा के गलियारों में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

दरअसल, प्रदेश भाजपा आगामी 25 दिसंबर से 'आजीवन सहयोग-निधि संग्रहण' अभियान की शुरुआत करने जा रही है, जिसमें पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर धन संग्रहित करने का काम करेंगे। पार्टी ने इसके लिए बाकायदा एक पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है। इस दौरान कार्यकर्ता घरों में पहुंचकर लोगों से भाजपा पार्टी सहयोग करने के लिए चंदा दिए जाने की अपील करेंगे।

कांग्रेस कार्यकर्ता के घर भी दस्तक!
निधि संग्रहण के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को हर घर पर दस्तक देनी होगी। ज़ाहिर है इस बीच पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस या अन्य राजनीतिक दलों की विचारधारा रखने वाले लोगों या कार्यकर्ताओं के घरों तक भी पहुंचेंगे।

ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच यही असमंजस की स्थिति संभावित मानी जा रही है कि यदि वे विरोधी दल के कार्यकर्ताओं या उससे जुड़ी विचारधारा रखने वाले लोगों तक पहुंचेंगे तो वे किस तरह से उनसे पार्टी निधि के लिए चंदा मांगेंगे? हालांकि इस सवाल का जवाब फिलहाल कोई भी नेता या कार्यकर्ता खुले तौर पर बोलने से बच रहा है।


ऐसे चलेगा निधि संग्रहण अभियान
आजीवन सहयोग-निधि अभियान प्रदेश में तीन चरणों में पूरा होगा। पहला चरण जिला स्तर पर 25 दिसंबर से 5 जनवरी तक, दूसरा चरण मंडल स्तर पर 9 जनवरी से 25 जनवरी तक, तीसरा चरण बूथ स्तर पर 1 फरवरी से 11 फरवरी तक आयोजित होगा।

'जयंती' से 'पुण्यतिथि' तक अभियान
केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार भाजपा पूरे प्रदेश में आजीवन सहयोग निधि अभियान का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर से करेगी। ये अभियान जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि 11 फरवरी तक संचालित होगा।

एक करोड़ लोगों तक पहुँचने का लक्ष्य
भाजपा ने इस अभियान के तहत 1 करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। माना जा रहा है कि भाजपा इस अभियान के ज़रिये आगामी वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले ज़्यादा से ज़्यादा लोगों तक पहुँचने की कोशिश करेगी। यह अभियान गांव,ढाणियों और शहरों में बड़े स्तर पर आयोजित होगा।

''भाजपा सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता व जवाबदेही लाने के लिए कृतसंकल्प है। भाजपा पूरे राजस्थान में राजनीतिक शुचिता के लिए छोटी-छोटी राशि आमजन, किसान, माता-बहनों से संपर्क व सहयोग से एकत्रित करेगी।'' - डॉ सतीश पूनिया, प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा