
जयपुर।
प्रदेश की सत्ता में वापसी का मिशन लिए भारतीय जनता पार्टी योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ती दिख रही है। प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के नेतृत्व में लगभग सभी मोर्चों की नई टीमें गहलोत सरकार को चौतरफा घेरने की पूरी तैयारी में हैं। यूथ, महिला और अल्पसंख्यक मोर्चा समेत तमाम मोर्चों ने अपने-अपने 'टारगेट्स' पर काम करना शुरू कर दिया है। ऐसे में माना जा सकता है कि सरकार विरोधी 'हल्ला बोल' अब बंद कमरों से ट्वीट्स के बजाए सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन के ज़रिए ज़्यादा देखने को मिल सकता है।
युवा मोर्चा करेगा आरपीएससी का महा घेराव
युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची गुर्जर की अगुवाई में मंगलवार को अजमेर में आरपीएससी मुख्यालय का 'महा घेराव' किया जाएगा। भाजपा के यूथ ब्रिगेड के इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या और युवा मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा जोशी भी राजस्थान आ रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची गुर्जर का कहना है कि अजमेर में प्रदर्शन गहलोत सरकार द्वारा युवाओं के साथ वादाखिलाफी और पेपर लीक के विरोध में किया जा रहा है। इसमें लगभग सभी जिलों से भारी संख्या में युवा शामिल होंगे। युवा मोर्चा के राजकुमार बिवाल, रामेश्वर छाबा, सुमित अग्रवाल, विपुल शर्मा, जय सिंह शेखावत, अजमेर युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल जयसवाल और अर्जुन नलिया सहित प्रदेश युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी महा घेराव की तैयारियों को लेकर अजमेर में जुटे हुए हैं।
महिला मोर्चा भी कर रहा 'हल्ला बोल' की तैयारी
नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष रक्षा भंडारी के नेतृत्व में महिला मोर्चा भी गहलोत सरकार को योजनाबद्ध तरीके से घेरने की तैयारी में है। प्रदेश में लगातार सामने आ रही रेप की घटनाएं और महिलाओं के प्रति अत्याचार मामलों के बढ़ते ग्राफ का विरोध जल्द ही सड़कों पर उतरता दिखेगा।
प्रदेशाध्यक्ष रक्षा भंडारी का कहना है कि महिला मोर्चा ना सिर्फ गहलोत सरकार में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध का पुरज़ोर विरोध करेगा, बल्कि महिलाओं, वंचितों और पीड़ित लोगों को न्याय दिलाने के लिए जिला स्तर पर मुहिम भी चलाएगा।
मोर्चों को मिली हैं ज़िम्मेदारी
प्रदेश भाजपा ने गहलोत सरकार के खिलाफ 'नहीं सहेगा राजस्थान' आंदोलन शुरू किया है। इसके तहत विधानसभा, चौपाल, ढाणी और वार्ड स्तर तक में सरकार विरोधी 'हल्ला बोल' की ज़िम्मेदारी सभी मोर्चों को दी गई है। प्रदेश नेतृत्व ने अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों का दायित्व युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, एससी मोर्चा, एसटी मोर्चा, ओबीसी मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा को सौंपा है।
प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी के अनुसार 'नहीं सहेगा राजस्थान' आंदोलन में सरकार विरोधी धरना प्रदर्शन के अलावा हर विधानसभा में एफआईआर कैंप लगाए जाएंगे और गहलोत सरकार की नाकामयाबी पर ‘‘फेल कार्ड’’ का गांव-गांव और ढाणी के हर घर तक वितरण होगा। प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा स्तर पर कांग्रेस सरकार के खिलाफ चार्जशीट तैयार की जाएगी।
Published on:
17 Jul 2023 11:57 am

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
