
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर के लिए आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गया है। बजट 2026-27 में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने भरतपुर के विकास को 'नई ऊंचाइयों' पर ले जाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं।
कहने का मतलब ये, कि यदि ये घोषणाएं धरातल पर उतरती हैं तो भरतपुर अब केवल "बृज की गलियों" तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यहाँ एयरपोर्ट, कन्वेंशन सेंटर और एआई (AI) लैब जैसे आधुनिक प्रोजेक्ट्स धरातल पर उतरेंगे।
आइए जानते हैं वे 5 बड़ी घोषणाएं, जो भरतपुर की सूरत और सीरत दोनों बदल देंगी:
भरतपुर और डीग क्षेत्र के निवासियों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी हवाई कनेक्टिविटी को लेकर आई है। वित्त मंत्री ने घोषणा की है कि भरतपुर-डीग क्षेत्र में नए एयरपोर्ट के लिए फिजिबिलिटी स्टडी (संभाव्यता अध्ययन) शुरू कराई जाएगी।
इससे पर्यटन को पंख लगेंगे और स्थानीय लोगों को दिल्ली-जयपुर जाने के लिए घंटों का सफर नहीं करना होगा। भविष्य में हवाई मार्ग से जुड़ना इस क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
भरतपुर का नगरीय क्षेत्र दशकों से जलभराव और बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। इस समस्या के स्थाई समाधान के लिए सरकार ने खजाना खोल दिया है। नगरीय क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा और ड्रेनेज सिस्टम के लिए 1030 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे।
यह भरतपुर के इतिहास में बाढ़ प्रबंधन के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट होगा, जिससे हजारों परिवारों को हर साल होने वाले नुकसान से राहत मिलेगी।
भरतपुर में विश्व प्रसिद्ध केवलादेव नेशनल पार्क और ऐतिहासिक किले मौजूद हैं, लेकिन यहाँ बड़े आयोजनों के लिए कोई हाई-टेक जगह नहीं थी। ऐसे में 100 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य 'बृज कन्वेंशन सेंटर' का निर्माण किया जाएगा।
यहाँ अंतरराष्ट्रीय स्तर की कॉन्फ्रेंस, प्रदर्शनियां और बड़े सांस्कृतिक आयोजन हो सकेंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
भरतपुर अब केवल खेती और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि 'नेक्स्ट जेनरेशन टेक्नो हब' के रूप में भी जाना जाएगा। सरकार ने भरतपुर में Datalab और AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) Lab स्थापित करने की घोषणा की है।
इससे स्थानीय युवाओं को तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे और भरतपुर 'स्मार्ट और डिजिटल' शहरों की कतार में खड़ा होगा।
सामाजिक सुरक्षा और महिला कल्याण को ध्यान में रखते हुए भरतपुर में 'महिला अधिकारिता एवं बाल संकुल परिसर' बनाने का निर्णय लिया गया है। यहाँ विभाग से जुड़ी सभी सेवाएं, काउंसलिंग और सहायता केंद्र एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। यह कदम भरतपुर में महिला सशक्तीकरण के मॉडल को मजबूती देगा।
Published on:
11 Feb 2026 02:03 pm
