
राजस्थान विधानसभा में बजट पेश करतीं वित्त मंत्री दिया कुमारी। फोटो: पत्रिका
जयपुर। राजस्थान बजट में वित्त मंत्री दिया कुमारी ने शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक घोषणा करते हुए यमुना जल परियोजना को हरी झंडी दे दी है। वित्त मंत्री दिया कुमारी ने इस इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का काम जल्द शुरू करने का ऐलान किया। इस योजना पर 32 हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद लाखों लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही शेखावाटी क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी।
राजस्थान विधानसभा में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि हथिनी कुंड से शेखावाटी तक यमुना का पानी लाने के लिए जल्द काम शुरू होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर 32000 करोड़ रुपए खर्च होंगे। बता दें कि इस परियोजना का उद्देश्य शेखावाटी के झुंझुनूं, सीकर और चूरू जिले में पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराना है।
हरियाणा के हथिनी कुंड से पाइप लाइन के जरिए शेखावाटी तक पानी पहुंचेगा। इसके लिए राजस्थान सरकार ने कुल 300 किलोमीटर लंबाई में पाइपलाइन बिछाने के लिए पहले ही अलाइनमेंट तैयार किया है। वहीं, हरियाणा सरकार भी हथिनी कुंड से हासियावास तक प्रस्तावित अलाइनमेंट को सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है।
शेखावाटी के सीकर, झुंझुनूं व चूरू जिले को यमुना का 577 एमसीएम पानी मिलेगा। पहले चरण में राजस्थान के चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अन्य क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के लिए जल उपलब्ध होगा। इसके बाद दूसरे चरण में चूरू जिले में 35,000 हेक्टेयर और झुंझुनूं जिले में 70,000 हेक्टेयर में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा।
Updated on:
11 Feb 2026 03:03 pm
Published on:
11 Feb 2026 03:03 pm
