
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते प्रदेश एक बार सर्दी के आगोश में है। प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के साथ—साथ दिन के पारे में भी कमी आई, जिसके चलते पूरा दिन सर्द हवा ने लोगों को सताया। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में सर्दी का असर तेज रहने की संभावना जताई है। साथ ही प्रदेश के कई हिस्सों में रात का पारा 4 डिग्री से. के नीचे रहने के संभावना है। कुछ हिस्सों में सुबह और रात के वक्त कोहरा छाया रह सकता है।
गुलाबीनगर में भी गणतंत्र दिवस का दिन सर्द रहा। दिनभर तेज धूप खिली, लेकिन सर्द हवा का चुभन बरकरार रही। आलम यह था कि तेज धूप में भी लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। तेज सर्दी के चलते दिनचर्या में भी बदलाव नजर आया। लोग देर से बिस्तरों से उठे और देरी से ही स्नान किया।
शाम होते—होते लोग घरों में कैद हो गए। जो लोग घरों से बाहर निकले वे सर्दी से बचने का इंतजाम करके निकले। सड़क किनारे पर लोग अलाव जलाकर सर्दी से बचते नजर आए। शहर का न्यूनतम पारा 7.7 और अधिकतम पारा 19.8 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया।
चूरू में पारा 1.1 डिग्री से.
शेखावाटी फिर सर्दी के आगोश में आ गई है। सीकर, चूरू, झुंझुनू सहित पूरे शेखावाटी इलाके में सर्दी का असर तेज रहा। चूरू में दिनभर सर्द हवा ने लोगों को ठिठुराया। सर्दी के असर के चलते चूरू का न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री से. पहुंच गया।
पश्चिमी राजस्थान में भी सर्दी का असर
प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में भी सर्दी तेज रही। जैसलमेर, जोधपुर, बाड़मेर में रात को सर्दी का असर तेज रहा। जैसलमेर में न्यूनतम पारा 6.1, बाड़मेर में 8.3 और जोधपुर में 7.4 डिग्री से. रिकॉर्ड किया गया। बीकानेर में रात का पारा 6.6 डिग्री से. दर्ज किया गया।
Updated on:
26 Jan 2019 07:54 pm
Published on:
26 Jan 2019 07:54 pm
