
जयपुर। कांग्रेस का वार रूम 15 गुरुद्वारा रकाब गंज रोड। राजस्थान में पार्टी के प्रत्याशी कौन होंगे, इस पर शनिवार सुबह सबसे महत्त्वपूर्ण बैठक हुई। स्क्रीनिंग कमेटी की अध्यक्ष कुमारी शैलजा, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट आदि ने करीब 13 घंटे की मैराथन बैठक के बाद 150 सीटों पर सिंगल पैनल फाइनल कर दिया।
हालांकि इस ख़ास दिन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) अशोक गहलोत को पार्टी के लोकसभा चुनाव 2019 के एक महत्त्वपूर्ण मिशन पर आंध्र प्रदेश भेज दिया। गहलोत ने अमरावती में तेलगुदेशम पार्टी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू के साथ विपक्षी महागठबंधन पर चर्चा की।
इधर, बैठक के बाद बाहर निकलीं शैलजा ने कहा कि अब सोमवार को स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक नहीं होगी। हालांकि शैलजा साथ ही यह जोडऩा भी नहीं भूलीं कि इस लिस्ट पर गहलोत की भी राय ली जाएगी। सीईसी की बैठक अब 12 को होगी।
उसके बाद सूची जारी करने का सिलसिला शुरू होगा। हफ्तेभर में सभी 200 सीटों के उम्मीदवार घोषित कर दिए जाएंगे। बैठक में प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और रामेश्वर डूडी भी शामिल थे।
पांडे ने कहा कि सभी की सहमति से नाम तय कर लिए गए हैं। कुछ नेताओं से भी फीडबैक लिया गया है। पहली सूची बड़ी होगी। उसके बाद और सूची जारी होंगी। अब 12 को राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में होने वाली केन्द्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में लिस्ट रखी जाएगी।
Published on:
11 Nov 2018 02:10 pm
