
विजय शर्मा
जयपुर. Rajasthan election 2023 : शहर में बहुमंजिला इमारतों की आधुनिक अवधारणा का जनक विद्याधर नगर को माना जाता है। परकोटा की तर्ज पर गुलाबी रंग से कतारबद्ध बहुमंजिला अपार्टमेंट और चौड़ी सडक़ें लोगों को आकर्षित करती हैं। वर्ष 2008 में परिसीमन से अस्तित्व में आई इस सीट पर अब तक हुए तीन चुनाव भाजपा के नरपत सिंह राजवी ने जीते हैं। हालांकि इस बार राजवी का टिकट काटकर भाजपा ने चौंकाया है। भाजपा ने इसबार जयपुर के पूर्व राजपरिवार की सदस्य दीयाकुमारी को यहां से टिकट दिया है, जिससे यह सीट देशभर में सुर्खियों में आ गई है।
कांग्रेस ने वर्ष 2008 और 2013 के चुनाव में विक्रम सिंह शेखावत को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्हें दोनों बार ही हार का सामना करना पड़ा। वर्ष 2018 के चुनाव में काग्रेस ने सीताराम अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया, लेकिन उन्हें भी जीत नसीब नहीं हुई। इसबार भाजपा की दीयाकुमारी के सामने कांग्रेस किसी मजबूत दावेदार की तलाश में है।
तीन चुनाव में 37 हजार तक रहा जीत का अंतर
परिसीमन में किशनपोल, बनीपार्क और आमेर के 14 वार्ड मिलाकर विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र बनाया गया। 2008 में नरपत सिंंह राजवी ने करीब 9000 मतों से जीत हासिल की। 2013 के चुनाव में दोनों पार्टियों ने अपने प्रत्याशी रिपीट किए, राजवी ने विक्रम सिंह को रेकॉर्ड 37 हजार मतों से हराया। वर्ष 2018 के चुनाव में कांग्रेस राजवी के सामने सीताराम अग्रवाल को लेकर आई, लेकिन इस बार भी करीब 33 हजार मतों से लगातार तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी राजवी ने जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय ताल ठोकने वाले विक्रम सिंह शेखावत ने 50 हजार वोट लेकर सीताराम अग्रवाल की राह कठिन कर दी।
यह भी पढ़ें : सरकार बनाने में इनकी होगी बड़ी भूमिका, हजारों किलोमीटर दूर से आएंगे वोट डालने
जलभराव और जाम बड़ी समस्या
सीकर रोड पर जलभराव और जाम इस विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं में से एक हैं, जिनका समाधान आज तक नहीं हो पाया है। ढेहर के बालाजी क्षेत्र में बारिश के दौरान सड़क पर तीन से चार फीट तक जलभराव हो जाता है। इसके अलावा 14 नंबर पुलिया के आस-पास जाम से स्थानीय लोग परेशान हैं। क्षेत्र में सैटेलाइट अस्पताल की मांग तो कई दशक पुरानी है। महिला महाविद्यालय की भी मांग भी लंबित चल रही है।
पांच वर्ष में बढ़े 16 हजार मतदाता
वर्ष 2018 में यहां 3.21 लाख मतदाता थे, जो बढ़कर 3.37 लाख हो गए हैं। पांच साल में करीब 16,349 मतदाता बढ़े हैं। कुल मतदातों में 1.75 लाख पुरुष और 1.61 लाख महिला हैं। 10,830 नव मतदाता हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे।
Published on:
18 Oct 2023 10:23 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
