Rajasthan Election: सांगानेरी प्रिंट से विश्व में पहचान बनाने वाले सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में इस बार सियासी पारा परवान पर है।
अश्विनी भदौरिया
Rajasthan Assembly Election 2023 : सांगानेरी प्रिंट से विश्व में पहचान बनाने वाले सांगानेर विधानसभा क्षेत्र में इस बार सियासी पारा परवान पर है। यहां मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में है। क्षेत्र के 16 प्रत्याशी चुनावी रणनीतिकारों को सोचने पर मजबूर कर रहे हैं। भाजपा ने इस बार प्रदेश महामंत्री भजनलाल को टिकट देकर चौंकाया है। खास बात यह है कि उनका नाम घोषणा से पहले अधिक चर्चा में नहीं था। मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी ने यहां से टिकट को लेकर लगातार लॉबिंग की। माना जा रहा है कि उनका नाम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की नाराजगी के कारण कटा। ऐसे में यहां टिकट भी संघ की पसंद से ही दिया गया।
पुष्पेन्द्र भारद्वाज को टिकट के बाद कांग्रेस खेमे में भी नाराजगी जगजाहिर हो गई। सांगानेर से पूर्व में प्रत्याशी रह चुके सुरेश मिश्रा ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वॉइन कर ली। अब यहां कांग्रेस और भाजपा के टिकट से वंचित दावेदारों की भूमिका पर सबकी नजरें हैं। हालांकि लाहोटी को भजनलाल के नामांकन के समय उनके साथ देखा गया। क्षेत्र में दोनों ही दलों के कार्यकर्ता अभी दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं। भाजपा के गढ़ में कांग्रेस के लिए सेंध लगाना किसी चुनौती से कम नहीं है। वर्ष 2003 से अब तक कांग्रेस को जीत की तलाश है। कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार पुष्पेंद्र भारद्वाज पर दांव लगाया है। यहां से कांग्रेस टिकट के दावेदार पंडित सुरेश मिश्रा के बाद पूर्व महापौर विष्णु लाटा भाजपा का दामन थाम चुके हैं। इस क्षेत्र में मुख्य तौर पर जयपुर शहर का सांगानेर, मानसरोवर और इसके आस-पास का इलाका शामिल है।
भाजपा की सीट
वर्ष 2003 में मौजूदा राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी पहली बार जीते। उसके बाद वे 2008 और 2013 में भी जीतकर विधानसभा पहुंचे। वर्ष 2018 में तिवाड़ी ने भारत वाहिनी पार्टी बनाकर चुनाव लड़ा। इस दौरान उनकी जमानत जब्त हो गई और भाजपा के अशोक लाहोटी विधायक बने।
खास-खास
-सांगानेर में सर्वाधिक सामान्य वर्ग के मतदाता
- चार बार भाजपा की विद्यादेवी पाठक और दो बार कांग्रेस की इंदिरा मायाराम भी रहीं विधायक
खास बातें
- 39781 नए मतदाता जुड़े हैं इस बार इस सीट पर
- 3.42 लाख मतदाता इस सीट पर
2018 चुनाव में मिले मत
भाजपा-107547
कांग्रेस-71719
बड़े मुद्दे
- अजमेर रोड से सटी 50 से अधिक कॉलोनियों में जलभराव की समस्या है। बरसात में गाड़ियां तक डूब जाती हैं
- 400 से अधिक कॉलोनियों में सीवर लाइन और ड्रेनेज सिस्टम विकसित नहीं हो पाया है
- सांगानेर प्रिंटिंग यूनिट दम तोड़ रहा है। इस पर किसी का ध्यान नहीं है
- डिग्गी रोड और मालपुरा गेट पर नियमित रूप से जाम लगता है। इसका कोई हल नहीं निकाला गया
प्रत्याशियों के तीन वादे:-
भजन लाल शर्मा, भाजपा
-सांगानेर बाजार को अतिक्रमण और ट्रैफिक दबाव से करेंगे मुक्त
-जिन कॉलोनियों में सीवर और पानी की दिक्कत है उसको करेंगे दूर
-लोगों को आवाजाही में सहूलियत हो, इसके लिए मेट्रो ट्रेन के रूट से जोड़ेंगे
पुष्पेंद्र भारद्वाज, कांग्रेस
-सांगानेर में चिकित्सीय ढांचे को मजबूत किया जाएगा। क्षेत्र में नया जनाना अस्पताल खुलवाएंगे
-खिलाडिय़ों के लिए स्टेडियम और व्यापारियों के लिए टैक्सटाइल पार्क बनवाएंगे
-विधानसभा क्षेत्र की कॉलोनियों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे
मानसरोवर में शायद ही कोई बाजार होगा, जिसमें अतिक्रमण नहीं हो। कचरे के ढेर भी परेशानी का सबब बने उसको हटाया नहीं जा रहा है। कचरा संग्रहण की समस्या का समाधान नहीं हुआ है।-किशोर चंदानी, मानसरोवर
कई कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाओं का टोटा है। सड़कें अब तक नहीं बनीं। जबकि, जेडीए को करोड़ों रुपए का राजस्व मिल चुका। सीवर लाइन कब आएगी? कोई बताने वाला नहीं है।-राजेंद्र राठौड़, नारायण विहार