
Rajasthan election 2023 : भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों में टिकट नहीं मिलने से नाराज नेताओं ने बागी हो पार्टी प्रत्याशी के सामने ताल ठोक दी है। भाजपा से अब तक एक दर्जन सीट पर बागियों ने नामांकन भर दिया, जबकि कांग्रेस में ऐसे बागी नेताओं की संख्या करीब दस तक पहुंच गई है। शनिवार को भी कई सीट पर निर्दलीय रूप में नामांकन पत्र भरने का सिलसिला जारी रहा। इनमें मौजूदा और पूर्व विधायकों के साथ पार्टी पदाधिकारी भी शामिल हैं। जबकि, दोनों ही पार्टियों के डैमेज कंट्रोल का दावा धराशायी हो गया।
भाजपा
1. बस्सी : जितेन्द्र मीणा ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया। यहां भाजपा ने चन्द्रमोहन मीना को टिकट दिया है। संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर के समर्थक माने जाते हैं।
2. अजमेर उत्तर : तीन बार पार्षद रहे ज्ञान सारस्वत ने नामांकन किया है। यहां भाजपा से वासुदेव देवनानी प्रत्याशी हैं। यहां त्रिकोणीय मुकाबला होने के आसार हैं। पूर्व जिला अध्यक्ष बी.पी. सारस्वत के समर्थक माने जाते हैं।
3. बामनवास : दावेदार रामावतार मीणा निर्दलीय नामांकन किया है। वे भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री और बौंली भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं। पार्टी ने राजेंद्र मीना को प्रत्याशी बनाया है।
4. गंगापुरसिटी : दो माह पहले भाजपा में शामिल हुए माली-सैनी समाज के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सीएल सैनी ने बागी होकर नामांकन दाखिल कर दिया। यहां से पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर को टिकट मिला है।
5. मनोहरथाना : भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह तंवर ने नामांकन भरा है। यहां प्रत्याशी गोविंद रानीपुरिया है।
6. डग : पूर्व भाजपा विधायक रामचंद्र सुनारीवाल ने नामांकन दाखिल कर दिया है। यहां कालूराम मेघवाल प्रत्याशी हैं। मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है।
7. संगरिया : भाजपा जिला उपाध्यक्ष गुलाब सींवर ने निर्दलीय आवेदन कर दिया है। यहां से मौजूदा विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी मैदान में है।
8. झुंझुनूं : भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजेन्द्र भाम्बू ने निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। यहां प्रत्याशी बबलू चौधरी मैदान में हैं।पिछले चुनाव में भाम्बू ने भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था।
9. पिलानी : पिछले चुनाव लड़ने वाले और पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर दिया है। यहां भाजपा ने राजेश दहिया को टिकट दिया है।
यह भी पढ़ें : आजाद समाज पार्टी की पांचवी लिस्ट जारी, जानें उम्मीदवारों के नाम
कांग्रेस
1. महुवा : कांग्रेस से बगावत कर पूर्व पीसीसी सदस्य रामनिवास गोयल और जिला परिषद सदस्य कमला ने नामांकन दाखिल किया है। इससे पहले बांदीकुई से पूर्व जिला प्रमुख विनोद शर्मा तथा दौसा से राधेश्याम मीना भी कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर नामांकन कर चुके हैं। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी ओमप्रकाश हुडला हैं।
2. श्रीगंगानगर : नगर परिषद में कांग्रेस की सभापति ने बगावत करते हुए निर्दलीय फार्म भर दिया है। यहां से अंकुर मिगलानी प्रत्याशी हैं।
3. सादुलशहर : कांग्रेस से बागी होकर ओम बिश्नोई ने नामांकन दाखिल कर दिया। यहां विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ प्रत्याशी हैं।
4. राजगढ़- लक्ष्मणगढ़ : बागी हुए विधायक जौहरीलाल मीणा ने नामांकन दाखिल किया है। इन्होंने दो नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, इनमें एक निर्दलीय व एक कांग्रेस से।
5. अजमेर दक्षिण : कांग्रेस के सदस्य हेमन्त भाटी ने नामांकन दाखिल किया है। वे पिछले दो चुनावों में प्रत्याशी रहे और हार गए थे। यहां द्रौपदी कोली प्रत्याशी है।
6. मसूदा : कांग्रेस के बागी वाजिद खान चीता ने बसपा से टिकट लेकर नामांकन दाखिल कर दिया। यहां राकेश पारीक प्रत्याशी हैं।
यह भी पढ़ें : ईडी के घेरे में आए मंत्री महेश जोशी का टिकट कटा, चार मंत्री अब भी इंतजार में
यूनुस खान भी बगावती, निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे
पूर्व मंत्री और वसुंधरा राजे के करीबी माने जाने वाले यूनुस खान भाजपा से टिकट कटने के बाद बगावत पर उतर आए हैं। शनिवार को डीडवाना में समर्थकों के बीच सभा में निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वे सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा दाखिल करेंगे। यूनुस खान ने सभा में समर्थकों से कहा कि पिछली बार पार्टी नेताओं ने टोंक भेजा तो चला गया, लेकिन हारने के बाद मुझे लगातार नजर अंदाज किया जा रहा है। मैं 25 साल से पार्टी की सेवा कर रहा हूं। पार्टी ने अब मुझे टिकट नहीं दिया है। न ही कोई जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में निर्दलीय चुनाव लड़ने का निर्णय किया है।
Published on:
05 Nov 2023 07:49 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
