
Diwali bonus: राजस्थान में भजनलाल सरकार ने दीपावली के अवसर पर राज्य के कर्मचारियों को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य कर्मचारियों को तदर्थ बोनस देने की मंजूरी दी है, जिससे लगभग छह लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे। यह निर्णय कर्मचारियों की खुशी और उनकी मेहनत के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
तदर्थ बोनस की राशि 2023-24 के वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित की गई है। यह बोनस मुख्य रूप से उन कर्मचारियों के लिए है जो राजस्थान सिविल सेवा ..पुनरीक्षित वेतन.. नियम 2017 के पे मैट्रिक्स के पे लेवल-12 या ग्रेड पे 4800 और उससे कम वेतन प्राप्त कर रहे हैं। इस तदर्थ बोनस की अधिकतम राशि 7000 रुपए निर्धारित की गई है और यह 30 दिन की अवधि के लिए देय होगा। पिछले दिनों कर्मचारियों के संगठन ने बोनस पंद्रह हजार रुपए करने की मांग की थी।
प्रत्येक कर्मचारी को अधिकतम 6774 रुपए तदर्थ बोनस मिल सकेगा, जिसमें 75 प्रतिशत राशि नकद के रूप में और 25 प्रतिशत राशि कर्मचारियों के सामान्य प्रावधायी निधि खाते में जमा की जाएगी। इस तदर्थ बोनस के भुगतान से सरकारी खजाने पर लगभग 500 करोड़ रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा। यह बोनस पंचायत समिति और जिला परिषद के कर्मचारियों के लिए भी लागू होगा, जिससे स्थानीय स्तर पर भी कर्मचारियों की खुशी बढ़ेगी।
हाल ही में केंद्र सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों के लिए तदर्थ बोनस की घोषणा की थी, जिसके बाद राज्य की भजनलाल सरकार ने इस कदम को उठाया है। हांलाकि ये बोनस सिस्टम अफसर क्लास पर लागू नहीं है। उनके बोनस का आंकलन अलग से किया जाता है और उसी हिसाब से हर साल उनको बोनस दिया जाता है।
Updated on:
13 Oct 2024 08:49 am
Published on:
13 Oct 2024 08:49 am
