
उदयपुर में हल्की बारिश। फोटो पत्रिका
जयपुर। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार को सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नौ शहरों में दिन का पारा 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जैसलमेर में 46 डिग्री तापमान रहा। जयपुर में दिन का पारा 42.7 डिग्री पर आ गया। उदयपुर शहर में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। अपराह्न बाद हल्की बूंदाबांदी होने से पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के कुछ भागों में हीटवेव का असर आगामी 24 से 48 घंटे तक बना रहने की संभावना है।
विभाग ने सोमवार के लिए 21 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है, जिनमें अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, खैरथल-तिजारा और कोटा सहित अन्य जिले शामिल हैं।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलोदी और श्रीगंगानगर में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे गर्मी का असर और अधिक बढ़ेगा।
मौसम केन्द्र के अनुसार 28 अप्रेल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा। इसके चलते आगामी 3 से 4 दिनों में दोपहर बाद कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी जयपुर में गर्मी का असर तेज हो गया है। दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। मौसम केन्द्र ने सोमवार को जयपुर में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। केन्द्र के अनुसार रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रात का पारा 30 डिग्री पार पहुंच गया। इससे दिन और रात में गर्मी ने परेशान किया। केन्द्र के अनुसार मंगलवार से पश्विमी विक्षोभ सक्रिय होने से गर्मी से राहत मिलेगी।
Updated on:
26 Apr 2026 09:36 pm
Published on:
26 Apr 2026 09:36 pm
