
राजस्थान हाईकोर्ट। फोटो: पत्रिका
जयपुर। राजस्थान में 3 दिन में तीसरी बार धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट है। जयपुर में अब राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। रजिस्ट्रार की आईडी पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे धमकी भरा मेल आया। इस धमकी के बाद हड़कंप मच गया।
धमकी भरे ईमेल में तमिलनाडु के थिरुपरनकुंद्रम मामले का जिक्र किया गया है। जयपुर में धमकी भरा ई-मेल मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड व सिविल डिफेंस की टीम ने हाईकोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
पुलिस ने आनन-फानन में पूरे हाईकोर्ट परिसर को खाली करवाया। साथ ही हाईकोर्ट बिल्डिंग और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। इसके अलावा सभी सुनवाई स्थगित कर दी गई है। बता दें कि एक महीने में दूसरी बार राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
राजस्थान में तीन दिन में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले बुधवार को जयपुर कलक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। हालांकि, तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। गुरुवार को भी अजमेर कलक्ट्रेट और गरीब नवाज की दरगाह को बम से उड़ाने की धमकी का ई-मेल मिला था। हालांकि, दोनों जगह करीब ढाई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली थी।
इससे पहले कोर्ट परिसर, पारिवारिक न्यायालय, अस्पताल व स्कूलों में बम धमाके की ई-मेल मिल चुकी है। हालांकि तब भी ई-मेल भेजने वाले का पता नहीं चल सका। वहीं, स्टेडियम में बम होने की ई-मेल भेजने के मामले में आंध्र प्रदेश से एक महिला को पकड़ा था।
Updated on:
05 Dec 2025 02:19 pm
Published on:
05 Dec 2025 01:15 pm

बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
