15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

IndiGo की फ्लाइट में ‘आफत’ बने मनचले: चिल्लाने लगे- ‘प्लेन क्रैश होगा’, राजस्थान के IPS पंकज चौधरी ने ऐसे सिखाया सबक

Misbehavior In Indigo Flight: तीन युवकों ने न केवल एयरहोस्टेस के साथ बदसलूकी की, बल्कि यात्रियों के बीच 'विमान क्रैश' होने की अफवाह फैलाकर दहशत पैदा कर दी।

2 min read
Google source verification
प्लेन में विवाद की एआई से तैयार की गई तस्वीर और इनसेट में आईपीएस चौधरी, फोटो - पत्रिका

प्लेन में विवाद की एआई से तैयार की गई तस्वीर और इनसेट में आईपीएस चौधरी, फोटो - पत्रिका

IPS Pankaj Chaudhary News: आसमान में हजारों फीट की ऊंचाई पर सफर कर रहे यात्रियों के बीच उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब कुछ युवकों ने इंडिगो की फ्लाइट में अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं। मामला 8 मार्च (महिला दिवस) का है, जब गुवाहाटी से दिल्ली आ रही फ्लाइट (6E-6367) में तीन युवकों ने न केवल एयरहोस्टेस के साथ बदसलूकी की, बल्कि यात्रियों के बीच 'विमान क्रैश' होने की अफवाह फैलाकर दहशत पैदा कर दी।

'प्लेन क्रैश होगा…': हवा में मची खलबली

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फ्लाइट के टेक-ऑफ होते ही आगे की सीट पर बैठे तीन युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जब एयरहोस्टेस सुरक्षा निर्देश देने आईं, तो उन्होंने गालियां दीं। हद तो तब हो गई जब एक युवक जोर-जोर से चिल्लाने लगा— "फ्लाइट क्रैश होगी, फ्लाइट क्रैश होगी!" यह सुनते ही केबिन में बैठे बच्चों और महिलाओं में डर व्याप्त हो गया। हैरान करने वाली बात यह रही कि इंडिगो के क्रू मेंबर्स ने सख्ती दिखाने के बजाय "कोई बात नहीं सर" कहकर मामले को टालने की कोशिश की।

IPS पंकज चौधरी का एक्शन: जब खाकी ने संभाली कमान

उसी फ्लाइट में राजस्थान कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पंकज चौधरी भी यात्रा कर रहे थे। उन्होंने जब एयरहोस्टेस की अकर्मण्यता और सुरक्षा से खिलवाड़ देखा, तो वह चुप नहीं रहे। उन्होंने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए क्रू को फटकार लगाई और कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ ऐसा समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चौधरी ने हवा में ही मोर्चा संभाला और अभद्र यात्रियों को सख्त चेतावनी दी, जिसके बाद बाकी सफर शांति से कटा। लेकिन असली 'क्लाइमेक्स' दिल्ली लैंडिंग पर बाकी था।

लैंडिंग होते ही CISF की QRT ने घेरा विमान

दिल्ली के टर्मिनल-1 पर लैंडिंग से पहले ही आईपीएस पंकज चौधरी ने अधिकारियों से संपर्क साधा। जैसे ही विमान के दरवाजे खुले, CISF की क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) वहां तैनात थी। तीनों आरोपियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। कड़ाई से पूछताछ होते ही, जो युवक हवा में शेखी बघार रहे थे, वे घुटनों पर गिरकर माफी मांगने लगे।

IndiGo ने मांगी माफी, क्रू पर जांच शुरू

इस घटना के बाद इंडिगो की ओर से 'कस्टमर एक्सपीरियंस एक्सपर्ट' निर्मित भट्टाचार्य ने आधिकारिक पत्र भेजकर आईपीएस पंकज चौधरी और यात्रियों से माफी मांगी है। एयरलाइन ने स्वीकार किया कि क्रू का व्यवहार मानक के अनुरूप नहीं था। अब इंडिगो अपने उन क्रू मेंबर्स के खिलाफ आंतरिक जांच और अनुशासनात्मक कार्रवाई कर रही है जिन्होंने स्थिति को गंभीरता से नहीं लिया।

पायलट की तारीफ: जहां एक तरफ क्रू सवालों के घेरे में रहा, वहीं फ्लाइट के पायलट अनुज यादव की यात्रियों ने सराहना की। उन्होंने समय से पहले लैंडिंग कराई और सफर के दौरान क्रिकेट स्कोर बताकर माहौल को हल्का रखने की कोशिश की।