
विस्फोटक से भरी ये गाड़ी की गई है जब्त
Jaipur News: राजधानी जयपुर से बड़ी खबर है। जयपुर के बस्सी थाना इलाके में सुनसान इलाके में खड़ी मिली पिकअप से बरामद हुए दो हजार किलो से भी ज्यादा विस्फोटक के मामले में पुलिस के हाथ कुछ अहम जानकारी लगी है और इसी के आधार पर अब केस आगे बढ़ रहा है। बताया जा रहा है कि बस्सी पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले का खुलासा जल्द करने के लिए पूरी तरह से तैयारी की जा रही है।
दर्ज रिपोर्ट के आधार पर बस्सी पुलिस ने बताया कि भरतपुर नेशनल हाइवे के नजदीक सड़क किनारे एक पिकअप के बारे में जानकारी मिली थी। सूचना थी कि पिकअप लावारिस है और उसमें सामान भरा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि प्लास्टिक के कुछ बैग में सामान भरा हुआ है। जांच करने पर पता चला कि यह भयानक विस्फोटक है। एक्सपर्ट्स की मदद से इन बैग को सुरक्षित रखवाया गया। पता चला कि दो हजार किलो से भी ज्यादा विस्फोटक बरामद हुआ है। अधिकारियों को सूचना दी गई तो उनके निर्देश पर बस्सी पुलिस ने पैट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन को सूचना देने के लिए कहा। उनको सूचना देने के बाद अब आज पता चल सकेगा कि यह विस्फोटक कितना खतरनाक था और किस काम में संभवतः लिया जा सकता था।
उधर पुलिस ने इस पूरी जानकारी के बाद गाड़ी नंबर के आधार पर भी जांच पड़ताल की तो बड़ी जानकारी सामने आई है। पता चला है कि गाड़ी भीलवाड़ा में रहने वाले किसी ईश्वर के नाम से है। अब यह पता किया जा रहा है कि यह गाड़ी कौन चला रहा था। ईश्वर के बारे में भी भीलवाड़ा पुलिस की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि संभव है यह केस आज खुल जाएगा। उल्लेखनीय है कि इन दिनों भारत-पाकिस्तान तनाव का मामला चल रहा है। ऐसे में छोटी से छोटी जानकारी को भी पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है।
Updated on:
12 May 2025, 9:04 AM IST
Published on:
12 May 2025, 8:57 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.