26 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एलपीजी संकट : लाल सिलेंडरों का चरम पर काला खेल, जयपुर पहले और सीकर दूसरे नंबर पर

एलपीजी संकट के बीच राजस्थान में सिलेंडरों की कालाबाजारी बेलगाम हो गई है। 11 से 24 मार्च तक विभाग की ओर से तैयार हुई रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। बुकिंग नहीं होने की 7122 और कालाबाजारी की 1319 शिकायतें मिली हैं।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Mar 26, 2026

cylinder black marketing

कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई करती टीम (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। प्रदेश में एलपीजी संकट के दौरान खाद्य व नागरिक आपूर्ति मंत्री और विभाग के प्रमुख सचिव की समीक्षा बैठकों में गैस कंपनियों के आला अफसरों की मौजूदगी में दावा किया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई हो रही है, लेकिन मंत्री, सचिव के दावों के विपरीत प्रदेश में जयपुर समेत अन्य जिलों में घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी का खेल धड़ल्ले से जारी है। एलपीजी संकट के बीच 11 से 24 मार्च तक विभाग के स्तर पर तैयार हुई एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है।

रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेशभर में बुकिंग नहीं होने की 7122 और कालाबाजारी की 1319 शिकायतें मिली हैं। इस रिपोर्ट में घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों में जयपुर जिला 322 शिकायतों के साथ पहले नंबर पर और 119 व 87 शिकायतों के साथ शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं दूसरे और तीसरे नंबर पर हैं। प्रदेश में सिलेंडरों की कालाबाजारी की दर्ज शिकायतों से यह तस्वीर साफ हो गई है कि एलपीजी संकट के दौरान विभाग कालाबाजारी को रोक नहीं पा रहा है।

राजधानी में ही कालाबाजारी का कारोबार जोरों पर

प्रदेश में सिलेंडरों की कालाबाजारी की शिकायतों में जयपुर जिला टॉप पर है। जिला रसद अधिकारी कार्यालय की स्पेशल टीमें कालाबाजारी के मामलों में पांच बड़ी कार्रवाई कर चुकी हैं। इन कार्रवाई से भी साफ हो गया है कि जयपुर एलपीजी संकट के दौरान सिलेंडरों की कालाबाजारी का गढ़ बन चुका है।

घरेलू सिलेंडरों की कालाबाजारी का खेल :

जिलाशिकायतें
जयपुर322
सीकर119
झुंझुनूं87
श्रीगंगानगर62
भीलवाड़ा58
अलवर50
अजमेर46
बीकानेर40
खैरथल29
कोटा22

सिलेंडर नहीं बुक होने की 7 हजार शिकायतें

जयपुर जिले में कालाबाजारी की जितनी शिकायतें दर्ज हैं उनमें से 60 फीसदी शिकायतें जयपुर शहर से जुड़ी बताई जा रही हैं। एलपीजी संकट के दौरान गैस कंपनियों के सर्वर ठप होने से प्रदेश के गैस उपभोक्ता सिलेंडर बुक करने के लिए भी परेशान हो रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार सिलेंडर बुक नहीं होने की प्रदेशभर में 7 हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई हैं।

सिलेंडर बुक नहीं होने की शिकायतें :

टॉप-5 जिले

जिलाशिकायतें
जयपुर2210
सीकर710
भीलवाड़ा419
अलवर329
जोधपुर201