12 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

NEET 2026 Cancelled: पेपर लीक के बाद नीट परीक्षा रद्द, राजस्थान में लीक पेपर में कॉमा-फुलस्टॉप तक हुए मैच

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। परीक्षा से पहले 'गैस पेपर' के नाम से राजस्थान में करीब 150 पेज का दस्तावेज छात्रों के बीच सर्कुलेट हुआ था। इसमें 410 प्रश्न थे, जिनमें से 135 प्रश्न परीक्षा में आने का दावा किया है।

2 min read
Google source verification
सांकेतिक तस्वीर,मेटा एआइ

सांकेतिक तस्वीर,मेटा एआइ

NEET 2026 Cancelled: पेपर लीक होने के बाद अब नीट 2026 परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। सरकार ने पेपर लीक मामले के बाद परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की है। पेपर लीक होने से 22 लाख छात्रों के भविष्य पर संकट मंडरा गया था। परीक्षा की नई तारीख की घोषणा बाद में होगी।

राजस्थान में सर्कुलेट हुए गैस पेपर में हूबहू प्रश्नों का मिलान होने के बाद पेपर लीक होने का मामला गर्मा गया था।
गैस पेपर में केवल प्रश्न ही नहीं, बल्कि विकल्पों का क्रम, भाषा और कॉमा-फुलस्टॉप तक मैच होना बताए गए। विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में प्रश्नों का हूबहू मिलना सामान्य संयोग नहीं माना जा सकता। सवाल उठ रहा है कि आखिर यह सामग्री तैयार किसने की और किन चैनलों से छात्रों तक पहुंचाई गई?

जीव विज्ञान में 100 फीसदी प्रश्न मैच होने का दावा

सूत्रों के अनुसार राजस्थान पुलिस ने 'गेस पेपर' और मूल प्रश्नपत्र का मिलान किया। इसमें जीव विज्ञान के 90 में 90 और रसायन विज्ञान के 45 में 45 प्रश्न-उत्तर कथित 'गेस पेपर' से मेल खाते पाए गए। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने रविवार को 120 प्रश्न मिलने की पुष्टि की थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को और अधिक प्रश्नों का मिलान हुआ। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में इतनी बड़ी संख्या में प्रश्नों का हूबहू मिलना 'अंदरूनी मिलीभगत' के बिना संभव नहीं है।

कोचिंग नेटवर्क व टॉपर छात्र भी रडार पर

जांच एजेंसियों का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क में ऐसे लोगों की भूमिका हो सकती है, जिनका संबंध कोचिंग, परीक्षा सामग्री तैयार करने या परीक्षा प्रक्रिया से रहा हो। आशंका है कि कुछ कोचिंग सेंटरों में चुनिंदा छात्रों को पहले यह लीक पेपर पढ़ाया गया। बाद में किसी को शक न हो इसलिए लीक पेपर को 'गैस पेपर' के रूप में सर्कुलेट किया गया।

भौतिक विज्ञान के पेपर को लेकर भी जांच एजेंसियां पड़ताल कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार परीक्षा में टॉप करने वाले कुछ छात्र भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। सामग्री ई-मित्र और फोटो कॉपी सेंटरों के जरिए फैलाए जाने की भी आशंका है। यह नेटवर्क राजस्थान से बाहर कई राज्यों तक फैला हो सकता है।

सोशल मीडिया पर चलता रहा, एसओजी ने पुष्टि नहीं की

  • 14 लाख से 30 लाख रुपए में बिका
  • जयपुर की प्रिंटिंग प्रेस में छपा पेपर
  • छात्रों को 5 से 7 लाख रुपए में बेचा गया
  • बाद में इसे गैस पेपर के रूप में बेचा गया

नीट पर राहुल गांधी ने कसा तंज

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने फेसबुक पर पोस्ट पर नीट के गेस पेपर सामने आने पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि नीट अब नीलामी है। कई सवाल परीक्षा से 42 घंटे पहले व्हाट्सअप पर बिक रहे थे। 22 लाख से ज्यादा बच्चे साल भर रात-रात भर आंखें जलाकर पढ़ते रहे और एक रात में उनका भविष्य बाजार में सरेआम नीलाम हो गया। यह पहली बार नहीं है। 10 साल में 89 पेपर लीक- 48 बार दोबारा परीक्षा। हर बार वही वादे, और फिर वही खामोशी।