
जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने मंगलवार को राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल का रिजल्ट जारी किया। इस बार के रिजल्ट में दसवीं क्लास में 43.54 फीसदी स्टूडेंट्स पास हुए हैं। जबकि 12वीं में 44.95 फीसदी स्टूडेंट को सफलता मिली। छात्र आधिकारिक वेबसाइट rsosadmission.rajasthan.gov.in पर जाकर अपने रोल नंबर की मदद से अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस बार रिजल्ट की जांच ऑनलाइन माध्यम से हुई। इस कारण विभाग महज 15 दिनों में ही रिजल्ट जारी करने में सफल रहा। शैक्षणिक कार्य पर इसका ज्यादा असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि स्टेट ओपन स्कूल के रिजल्ट में छात्रों को फेल नहीं किया जाता। ऐसे में जो छात्र इस बार पास हुए हैं, वे भविष्य में आगे की पढ़ाई कर सकेंगे। वहीं, जो छात्र इस बार पास नहीं हो पाए, उन्हें दोबारा परीक्षा पास करने का मौका दिया जाएगा।
बता दें कि इस बार राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल की 10वीं कक्षा में 16 हजार 317 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें से 7105 विद्यार्थी पास हुए हैं। जबकि 9212 विद्यार्थी आंशिक रूप से पास हुए हैं। इसी तरह 12वीं कक्षा में कुल 15 हजार 714 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जिसमें से 7063 विद्यार्थी पास हुए हैं। जबकि 8650 विद्यार्थी आंशिक रूप से पास हुए हैं।
Updated on:
21 Jan 2025, 6:25 PM IST
Published on:
21 Jan 2025, 6:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.