राजस्थान कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच अब सबकी निगाह कांग्रेस के तीन नेताओं को मिले नोटिस पर है।
जयपुर@पत्रिका। राजस्थान कांग्रेस में चल रहे घमासान के बीच अब सबकी निगाह कांग्रेस के तीन नेताओं को मिले नोटिस पर है। कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर विधायक दल की बैठक का बहिष्कार करने के मामले में संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल, मुख्य सचेतक महेश जोशी और आरटीडीसी के चेयरमैन धर्मेन्द्र राठौड़ को नोटिस दिया गया था।
नोटिस का जवाब देने की समय सीमा 10 दिन रखी गई थी, जो गुरुवार को पूरी होगी। माना जा रहा है कि जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। इन नेताओं ने जवाब को लेकर जानकारी नहीं दी है। तीनों ही नेताओं ने स्पष्ट किया था कि जवाब जरूर देंगे, इसे सार्वजनिक नहीं करेंगे।
कार्रवाई होगी या ठंडे बस्ते में:
सीएम अशोक गहलोत के समर्थन में खड़े तीन प्रमुख नेताओं को नोटिस को लेकर राजस्थान के सियासी हल्कों में कई चर्चाएं हैं। पहले माना गया था कि धारीवाल के घर समानांतर बैठक आयोजित करने के मामले में तत्काल सख्त कार्रवाई होगी। इसके बाद जब नोटिस आया और इसमें जवाब की समय सीमा 10 दिन रखी गई तो माना गया कि पार्टी मामले में जल्दबाजी में कुछ नहीं करेगी। हालांकि विरोधी गुट का कहना है कि पार्टी इन पर कार्रवाई करके संदेश देगी।
यह भी पढ़ें : सरकार बदलने पर तंग किए जाने के डर से काम नहीं करते अफसर
जवाब दे दिया:
धारीवाल संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल ने पत्रिका को बताया कि उनको मिले नोटिस का जवाब भेज दिया है। क्या जवाब दिया है यह सार्वजनिक नहीं किया जा सकता।