
गंगापुरसिटी.rajasthan politics सवाईमाधोपुर से शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन यात्रा को दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने गंगापुर शहर में प्रवेश करने से रोक दिया। इस दौरान भाजपा नेताओं की पुलिस से झड़प के साथ धक्का-मुक्की हुई। बाद में भाजपा नेता धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे बाद सोशल मीडिया के रथ में बैठकर भाजपा नेता शहर में होकर निकले, जबकि परिवर्तन यात्रा रथ तथा कार्यकर्ताओं को बाइपास से रवाना किया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ।
सुबह करीब 10.40 बजे यात्रा विश्राम स्थल से रवाना हुई। इस दौरान पहले मार्ग पर ईदगाह पड़ने के कारण यात्रा को बाइपास से निकाला गया, लेकिन अलीगंज चौराहे से रथ को शहर में प्रवेश कराने के दौरान पुलिस ने वहां पर बेरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे गुस्साए यात्रा संयोजक अरुण चतुर्वेदी, सह संयोजक जितेन्द्र गोठवाल, सांसद सुखवीरसिंह जौनापुरिया, पूर्व विधायक मानसिंह गुर्जर, संभाग के सह प्रभारी सोमकांत शर्मा सहित कार्यकर्ता शहर में प्रवेश करने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने रोकना चाहा, तो झड़प व धक्का-मुक्की हो गई। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि उनके पास शहर में अंदर जाने की अनुमति नहीं थी, जबकि भाजपा का कहना था कि उन्होंने सूचना दे दी थी।
तुष्टीकरण की राजनीति करते हुए मुख्यमंत्री समाज व वर्गों को बांटने का काम कर रहे हैं। सीएम के निर्देश पर यात्रा को शहर में प्रवेश करने से रोका गया।
अरुण चतुर्वेदी, यात्रा संयोजक
भाजपा के पास शहर के अंदर से यात्रा की कोई अनुमति नहीं थी। उन्होंने गंगापुरसिटी से करौली मार्ग निकलने की सूचना दी थी। इस कारण शहर में प्रवेश करने से रोका गया।
केशव कुमार मीना, एसडीएम, गंगापुरसिटी
कांग्रेस किसी की यात्रा को क्यों रोकेगी। भाजपा क्या परिवर्तन चाह रही है। क्या वह अपने नेताओं में परिवर्तन चाह रही है।
रामकेश मीना, विधायक
Published on:
04 Sept 2023 09:28 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
