
Rajasthan Greenfield Expressways : उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी। फाइल फोटो पत्रिका
Rajasthan Greenfield Expressways : राजस्थान में प्रस्तावित 9 ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे में 2 का निर्माण राज्य सरकार करेगी और 2 का निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से कराया जाएगा। इनके अलावा दो एक्सप्रेस-वे की फाइल तैयार हो गई है। राज्य सरकार जल्दी इनके निर्माण प्रक्रिया शुरू करेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को कुछ प्रस्ताव और भेजे जाएंगे। यह जानकारी गुरुवार को उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा, इस संभावना पर भी कार्य किया जा रहा है कि पहले से निर्मित हाईवे से नए एक्सप्रेस-वे को जोड़कर कैसे संपर्क बढ़ाया जाए। जिससे लोगों को ज्यादा सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा, बजट में 9 एक्सप्रेस-वे के निर्माण की घोषणा की गई थी, इनका निर्माण पांच साल में किया जाना है।
बजट योजनाओं के क्रियान्वयन की धीमी रफ्तार को गति देने के लिए गुरुवार को राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा, अधिकारी सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड विजिट कर सड़कों का निरीक्षण करें और हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
1- जयपुर-जाेधपुर-हाई स्पीड काेरिडाेर (350 किमी)
जयपुर रिंग राेड बालावाला के नजदीक जुड़कर अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ेगा। 350 किमी लंबा एक्सप्रेस-वे दूदू, किशनगढ़, अजमेर और जाेधपुर जिलाें काे जाेड़ेगा। प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के पूरा होने के बाद सफर में 3.5 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 11492 करोड़ रुपए है।
2- जयपुर-भीलवाड़ा एक्सप्रेस-वे (193 किमी)
जयपुर रिंग राेड पर एसएच-12 से शुरू हाेकर भीलवाड़ा में भीलवाड़ा बायपास तक 193 किमी लंबा है। एक्सप्रेस-वे के पूरा होने पर सफर में 2 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 6894 करोड़ रुपए है।
3- काेटपूतली-किशनगढ़ एक्सप्रेस-वे (181 किमी)
किशनगढ़ में एनएच-48 और एनएच-448 से जुड़कर काेटपुतली में पनायला एनएच-148 बी तक 181 किमी लंबा है। प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे के पूरा होने के बाद सफर में 2 घंटे ही लगेंगे। इसकी लागत 6906 करोड़ रुपए है।
4- ब्यावर-भरतपुर एक्सप्रेस-वे (342 किमी)
ब्यावर में एनएच-58 से शुरू हाेकर भरतपुर में एनएच-21 तक 342 किमी लंबा है। एक्सप्रेस-वे पूरा होने पर सफर में 3.5 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 14010 करोड़ रुपए है।
5- बीकानेर-काेटपूतली एक्सप्रेस-वे (295 किमी)
बीकानेर में एनएच-11 और एनएच-62 के कटाव बिंदू से शुरू हाेकर काेटपूतली में एनएच-148बी पर पनियाला माेड पर जुड़ेगा। इसकी कुल लंबाई 295 किमी है। एक्सप्रेस-वे पूरा होने के बाद सफर में 3 घंटे का समय लगेगा। इसकी लागत 10839 करोड़ रुपए है।
6- अजमेर-बांसवाड़ा एक्सप्रेस-वे (358 किमी)
जयपुर-किशनगढ़-अजमेर-जाेधपुर प्रस्तावित रूट अजमेर से शुरू हाेकर बांसवाड़ा में सालिया गांव के पास एनएच-927ए पर जुड़ेगा। इसकी लंबाई 358 किमी है। हाइवे के पूरा होने पर सफर में 3.5 घंटे ही लगेंगे। इसकी लागत 12582 करोड़ रुपए है।
7- जालाेर-झालावाड़-हल्दीघाटी एक्सप्रेस-वे (402 किमी)
जालाेर में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर से शुरू हाेकर झालावाड़ में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा। इसकी लंबाई 402 किमी है। एक्सप्रेस-वे के पूरा होने पर सफर में सिर्फ 4 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 16267 करोड़ रुपए है।
8- जयपुर-फलाैदी थार एक्सप्रेस-वे (345 किमी)
उत्तरी जयपुर की रिंगरोड से शुरू हाेकर फलौदी कस्बा में एनएच-11 से जुड़ेगा। इसकी कुल लंबाई 345 किलोमीटर है। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद सफर में 3.5 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 11112 करोड़ रुपए है।
9- श्रीगंगानगर-काेटपूतली एक्सप्रेस-वे (290 किमी)
श्रीगंगानगर में रीकाे इंडस्ट्रियल एरिया में बायपास से शुरू हाेकर काेटपुतली में मंडलाना गांव में नरनाैल बायपास पर जुड़ेगा। इसकी लंबाई 290 किमी है। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद सफर में महज 3 घंटे लगेंगे। इसकी लागत 12049 करोड़ रुपए है।
Published on:
19 Jun 2026 08:23 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
