24 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बे-बस राजस्थान…बेहाल यात्री, 4000 से अधिक रोडवेज बसों का चक्काजाम प्रदेश में

www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

जयपुर

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 26 Jul 2018, 9:53 AM IST

rajasthan roadways strike

जयपुर। रोडवेज के विभिन्न संगठनों के संयुक्त मोर्चा की ओर से प्रदेशभर में बुधवार से दो दिन का रोडवेज बसों के चक्काजाम से प्रदेश के विभिन्न बस स्टैंड से चार हजार से अधिक बसों का संचालन रुक गया और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। इससे राज्य पथ परिवहन निगम को प्रतिदिन लगभग 5 करोड़ 32 लाख रुपए का आर्थिक नुकसान होगा। वहीं, राजधानी जयपुर में केंद्रीय बस स्टैंड सिंधी कैंप से भी बुधवार को करीब 1400 रोडवेज बसों के पहिए थम गए। चालक, परिचालक और मैकेनिकल कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। सिंधी कैंप स्टैंड पर लगभग 35 लाख रुपए प्रतिदिन का नुकसान संभावित हैं। यहां रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा का धरना प्रदर्शन जारी है। इस बीच निजी बस संचालक इस मौके का फायदा उठा रहे हैं और यात्रियों को अधिक किराया देना पड़ रहा है।

सीएम और मंत्री के खिलाफ नारेबाजी
सिंधी कैंप बस स्टैंड पर धरने में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मंत्री युनूस खान के खिलाफ नारे लगाए। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री के आने पर करोड़ों रुपए खर्च हो सकते है, लेकिन परेशान कर्मचारियों के लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है।

9000 रिक्त पदों पर भर्ती का मांग
संयुक्त मोर्चा की 13 मांगों में रोडवेज बेड़े में एक हजार नई बसें खरीदने और करीब 9000 रिक्त पदों पर भर्ती करना, लोक परिवहन और निजी बसों को रोडवेज बस स्टैंडों से 5 किलोमीटर दूर खड़ा करना, रोडवेज से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिलाभ दिलाने और निगम में भी 7वां वेतनमान लागू करने की मांग शामिल है।

जनता बेबस, निजी संचालकों की चांदी
रोडवेज बसों के चक्काजाम होने से जनता परेशान हो रही है। वहीं, निजी बस संचालक मौका का पूरा फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने किराए में 50 फीसदी तक अधिक वसूली चालू कर दी है। चौमूं पुलिया से गोविंदगढ़ जाने के लिए 40 रुपए के की जगह 100 रुपए तक वसूले गए।

टिकट आरक्षण शुक्रवार के लिए
केंद्रीय बस स्टैंड पर आरक्षण खिड़की पर अब शुक्रवार के लिए टिकट दिए जा रहे हैं। वहीं, बुधवार और गुरुवार की यात्रा के लिए जिन्होंने टिकट लिए थे, उन्हें रिफंड किया जा रहा है। रिफंड की संख्या 2 हजार यात्रियों से अधिक हैं।

पुलिस फोर्स तैनात
राजस्थान पथ परिवहन निगम के मुख्यालय, जयपुर और वैशाली आगार सहित बस स्टैंड सिंधी कैंप पर 2 सौ से अधिक पुलिस कर्मी कानून व्यवस्था बनाने के लिए तैनात हैं।

10 फीसदी बढ़ाया डीए
हड़ताल से जनसुविधा की परेशानी देखते हुए राजस्थान पथ परिवहन निगम ने कर्मचारियों का 10 फीसदी महंगाई भत्ता बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। यह डीए 1 जनवरी, 2017 से अभी तक समय-समय बढ़ाना था। आदेश चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर राजहंस उपाध्याय ने जारी किए हैं। अब डीए 132 से 142 फीसदी हो गया।

यात्रियों की परेशानी हो रही है। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने बसों को बाहर नहीं निकलने दिया। हाईवे और बड़े रूटों पर तो निजी बसों के संचालन से यात्रा हो जाएगी। पर छोटे और ग्रामीण रूटों पर ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही हैं।
- कैलाश बड़ाया, मुख्य प्रबंधक, केंद्रीय बस स्टैंड सिंधी कैंप

जनता के लिए समर्पित बताने वाली सरकार को जनता की दुख नजर नहीं आ रहा हैं। अभी तक वार्ता के लिए बुलाया नहीं गया है। सरकार निजी बसों को संचालित करना चाहती है। ऐसा नहीं होने देंगे।
- एम.एल. यादव, प्रदेशाध्यक्ष, राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाइ यूनियन एटक