कन्हैयालाल हत्याकांड के मामले में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) गुरुवार सुबह करीब 6 बजे आरोपियों के घर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चली तलाशी के दौरान मोबाइल सिम और कुछ दस्तावेज मिले। इसके बाद आरोपियों की दुकानों की भी जांच की। टीम की जांच शुक्रवार को भी जारी है ।
एनआइए ने मोहम्मद रियाज अत्तरी, गौस मोहम्मद व अन्य आरोपियों के खांजीपीर किशनपोल स्थित घरों की तलाशी ली। टीम ने आरोपियों के कमरों से सिम कार्ड और कुछ दस्तावेज जब्त किए। पड़ोसियों, करीबी रिश्तेदारों से आरोपियों के व्यवहार और गतिविधियों के बारे में पूछा। इसके बाद टीम 10 बजे टेलर कन्हैयालाल साहू की दुकान पर पहुंची और यहां से कुछ दूर स्थित आरोपी मोहसिन की दुकान की भी तलाशी ली। टीम सापेटिया स्थित उस कारखाने पर भी गई, जहां से आरोपियों ने वीडियो वायरल किए थे। इस दौरान एटीएस और स्थानीय पुलिस टीमें भी मौजूद रहीं।
कन्हैया के परिजन को दिए एक करोड़
भाजपा नेताओं ने उदयपुर में मारे गए कन्हैयालाल के परिजन के खाते में एक करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा दिए। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने बताया कि रकम उक्त खाते में डाली गई है। मिश्रा ने अमरावती जाकर उमेश के परिजन को भी 30 लाख दिए।