Rajasthan University : राजस्थान यूनिवर्सिटी में नए सत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा। यूनिवर्सिटी ने हर मद में 10 फीसदी शुल्क बढ़ाया है। ऐसे में छात्रों को हॉस्टल से लेकर परीक्षा, एडमिशन और अन्य कोर्सेस के शुल्क सहित अन्य निधि में बढ़ी हुई फीस देनी होगी। इधर, यूनिवर्सिटी की ओर की गई 10 फीसदी फीस वृद्धि पर छात्रों ने विरोध किया है। छात्रों का कहना है कि फीस बढ़ोतरी नहीं करने की मांग की गई थी लेकिन यूनिवर्सिटी ने गुपचुप फैसला लेकर फीस में बढ़ोतरी कर दी। गौरतलब है कि यूनिवर्सिटी ने गत वर्ष सिंडिकेट बैठक आयोजित कर सत्र 2023-24 में फीस बढ़ोतरी नहीं करने का निर्णय लिया था। इससे पहले 2022-23 में 10 फीसदी फीस बढ़ाई गई थी।