4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के 11 जिलों में अगले 3 घंटे मौसम खराब, तेज आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि

Rajasthan Weather Alert: विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी और टोंक जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली चमकने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Rajesh Dixit

Jun 04, 2026

hailstorm in Rajasthan

File photo

Rajasthan Weather News: जयपुर. मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार शाम 4 बजकर 13 मिनट पर राजस्थान के कई जिलों के लिए तात्कालिक मौसम चेतावनी (नाउकास्ट) जारी की है। विभाग के अनुसार अगले तीन घंटों के दौरान चूरू, सीकर, झुंझुनूं, अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी और टोंक जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली चमकने तथा 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में धूलभरी आंधी, वज्रपात, ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

वहीं जयपुर, अलवर, करौली, सवाई माधोपुर और दौसा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने, बिजली उपकरणों को अनप्लग करने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी है।


4 से 7 जून के बीच पूर्वी राजस्थान में कई स्थानों पर बारिश की संभावना

जयपुर. राजस्थान में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के अनुसार नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 4 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। इसके प्रभाव से बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभाग के अनेक क्षेत्रों में मौसम बदलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार कुछ स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ मध्यम से तेज बारिश, मेघगर्जन और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में बने पश्चिमी विक्षोभ तथा उससे जुड़े ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के कारण यह मौसम प्रणाली सक्रिय हुई है। इसके चलते राजस्थान में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

बारिश और आंधी के प्रभाव से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रह सकता है, जिससे हीटवेव की स्थिति से राहत मिलेगी।

विभाग के वर्षा पूर्वानुमान के अनुसार 4 से 7 जून के बीच पूर्वी राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, भरतपुर और कोटा संभाग में कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज हो सकती है। 8 जून के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।