
Delhi records season's coldest morning with minimum temperature recorded at 5.3°C
Weather News Rajasthan: प्रदेश में नए साल में बार-बार मौसम बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम व ज्यादा होने के तापमान में उतार-चढ़ाव आ रहा है। राजधानी में जहां राहत रही वहीं शेखावाटी में बीती रात शीतलहर चलने से फिर से तापमान में गिरावट हुई। सीकर, चूरू, माउंट आबू सहित अन्य स्थानों पर कोहरा भी छाया रहा। हालांकि, दिन के समय धूप के कारण सर्दी के तेवर नरम रहे।
प्रदेश में सबसे कम तापमान चूरू में 1.5 डिग्री व माउंट आबू में 2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री रहा। राजधानी जयपुर में सर्दी से राहत रही। यहां का अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं रबी की फसल के लिए किसानों को लंबे समय से मावठ होने का इंतजार है।
पिछले वर्ष से सर्द रहेगी मकर संक्रान्ति
मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बादल छाने और शीतलहर का दौर फिर से शुरू होने से मकर संक्रान्ति पर मौसम सर्द रहेगा। आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। पिछले साल नए साल की शुरूआत में मावठ होने से फसलों को फायदा हुआ था। इस बार किसानों को इंतजार है कि बारिश कब होगी। मावठ होती है तो फसलों को फायदा होगा। रबी फसल में गेहूं और जौ के लिए मावठ ज्यादा फायदेमंद रहेगी
14 जनवरी से फिर शीतलहर
मौसम विभाग के अनुसार 12-13 जनवरी को एक और नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में बादल छाए रहने और तापमान में दो से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 14 जनवरी से प्रदेश में एक बार फिर शीतलहर का दौर शुरू होने की प्रबल संभावना है।
यहां रहा पांच डिग्री से कम तापमान
झुंझुनूं -- 2.5
बीकानेर -- 4.6
चूरू -- 1.5
फतेहपुर -- 2.4
Published on:
11 Jan 2023 08:49 am
